मतदाता सूची पर सियासी घमासान, प्रियंका गांधी ने ज्ञानेश कुमार पर साधा निशाना

0

नई दिल्ली :  कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आपराधिक मुकदमा चलाने की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची से करीब 13 करोड़ लोगों के नाम हटाए गए और यदि यह कार्रवाई जानबूझकर की गई है, तो इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।

प्रियंका गांधी ने कहा कि चुनाव की लोकतांत्रिक प्रक्रिया से छेड़छाड़ करना गंभीर अपराध है। उनका आरोप है कि यदि मुख्य निर्वाचन आयुक्त को मतदाता सूची से नाम हटाए जाने और चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की जानकारी थी तथा इसके बावजूद उन्होंने कार्रवाई नहीं की, तो उनके खिलाफ भी सामान्य अपराधी की तरह कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

वायनाड की सांसद ने कहा कि मतदाता सूची में कथित हेरफेर लोकतंत्र और संविधान के खिलाफ गंभीर मामला है। उन्होंने ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि यदि सामने आए आरोप सही हैं तो उनके खिलाफ आपराधिक कार्रवाई शुरू की जानी चाहिए। प्रियंका ने इसे राष्ट्र और संविधान पर हमला बताते हुए देशद्रोह के आरोप में मुकदमा चलाने की मांग की।

इस बीच, एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूची से नाम हटाए जाने से जुड़े मुद्दों पर कई बार आपत्ति जताई थी। रिपोर्ट के अनुसार, दोनों निर्वाचन आयुक्तों ने पिछले कुछ महीनों में निर्णय प्रक्रिया पर 14 बार सवाल उठाए।

हालांकि, निर्वाचन आयोग ने इन दावों पर कहा है कि किसी भी संस्थान में विचार-विमर्श के दौरान अलग-अलग राय और टिप्पणियां सामने आना सामान्य प्रक्रिया है। आयोग के अधिकारियों के अनुसार, पिछले एक वर्ष में लिए गए सभी फैसले आयोग की सर्वसम्मति से लिए गए हैं।