ज्ञानेश कुमार को लेकर अखिलेश यादव का बड़ा बयान, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

0

लखनऊ :  चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर जारी राजनीतिक विवाद के बीच समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि अब ज्ञानेश कुमार की निगरानी में कोई चुनाव नहीं होना चाहिए। अखिलेश ने चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।

‘चुनाव मुचुआ आ गए हैं’

अखिलेश यादव ने गुरुवार को सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए चुनाव आयोग पर तीखी टिप्पणी की। उन्होंने लिखा, “मुंह नुचुआ तो सुना था, अब चुनाव मुचुआ आ गए हैं।” इसके साथ ही उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग भी की।

आयोग में मतभेदों का उठाया मुद्दा

सपा प्रमुख ने चुनाव आयोग के भीतर दो चुनाव आयुक्तों की ओर से कथित तौर पर दर्ज कराई गई आपत्तियों का भी जिक्र किया। रिपोर्टों के अनुसार, पिछले 10 महीनों में चुनाव आयोग के फैसलों और प्रक्रियाओं को लेकर कई बार आपत्तियां दर्ज की गईं। अखिलेश ने इसे आयोग की निष्पक्षता से जोड़ते हुए सवाल उठाए।

एमएलसी चुनाव को लेकर भी सपा की शिकायत

अखिलेश के बयान के साथ ही सपा ने उत्तर प्रदेश के बरेली-मुरादाबाद शिक्षक खंड निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर भी शिकायत की है। पार्टी की ओर से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की गई है। सपा का कहना है कि शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से चुनाव प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।

वहीं, चुनाव आयोग ने अपने स्तर पर सामने आए मतभेदों को सामान्य संस्थागत प्रक्रिया का हिस्सा बताया है और कहा है कि उसके आधिकारिक फैसले निर्धारित कानूनी प्रक्रिया के तहत लिए जाते हैं।