स्पोर्ट्स डेस्क : महिला एशिया कप 2026 के फाइनल में भारत और श्रीलंका की टीमें आमने-सामने होंगी। श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को चार विकेट से हराकर खिताबी मुकाबले में प्रवेश किया। इसके साथ ही पाकिस्तान का टूर्नामेंट में सफर समाप्त हो गया।
पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 130 रन बनाए। कप्तान फातिमा सना ने नाबाद 47 रन की महत्वपूर्ण पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से मिले 131 रन के लक्ष्य के सामने श्रीलंका की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
श्रीलंकाई टीम ने 33 रन के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हर्षिता समरविक्रमा और कविशा दिलहारी ने पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच हुई अहम साझेदारी ने श्रीलंका को मुकाबले में वापसी कराई। इसके बाद टीम ने 18.4 ओवर में छह विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ श्रीलंका ने फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब उसका सामना भारतीय टीम से होगा। भारत ने सेमीफाइनल में बांग्लादेश को हराकर फाइनल में प्रवेश किया था।
भारत और श्रीलंका के बीच महिला एशिया कप 2026 का फाइनल 13 सितंबर को खेला जाएगा। दोनों टीमें खिताब के लिए मैदान में उतरेंगी। श्रीलंका की नजर अपने खिताब को बरकरार रखने पर होगी, जबकि भारतीय टीम ट्रॉफी अपने नाम करने के इरादे से उतरेगी।








