पीएम मोदी के लिए स्मृति ईरानी का भावुक बयान, बोलीं- यह मेरे पिता का सम्मान है

0

नई दिल्ली :  पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा की राष्ट्रीय महासचिव स्मृति ईरानी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जिक्र करते हुए भावुक हो गईं। एक पॉडकास्ट बातचीत के दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री के राजनीतिक सफर, उनके काम करने के तरीके और व्यक्तिगत स्तर पर उनके प्रति अपने सम्मान को लेकर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके पिता की उम्र के हैं।

स्मृति ईरानी ने भावुक अंदाज में कहा कि यदि कोई उनके पिता के गिरेबान तक हाथ पहुंचाने की कोशिश करता है तो यह बात उन्हें स्वीकार नहीं होगी। उनके इस बयान को प्रधानमंत्री मोदी के प्रति उनके व्यक्तिगत सम्मान और भावनात्मक जुड़ाव से जोड़कर देखा जा रहा है।

बातचीत के दौरान ईरानी ने प्रधानमंत्री मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री रहने के दौर का भी उल्लेख किया। उन्होंने सरदार सरोवर बांध परियोजना का उदाहरण देते हुए कहा कि इस परियोजना को लेकर लंबे समय तक प्रयास किए गए। उनके मुताबिक, गुजरात के मुख्यमंत्री रहते नरेंद्र मोदी ने परियोजना से जुड़े मुद्दों को गंभीरता से उठाया और केंद्र सरकार के समक्ष अपनी बात रखी। बाद में प्रधानमंत्री बनने के बाद परियोजना से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णयों को आगे बढ़ाया गया।

संसद की कार्यवाही पर भी उठाए सवाल

स्मृति ईरानी ने संसद की कार्यवाही को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से सदन में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयारी रहती है, लेकिन कई बार हंगामे और कार्यवाही बाधित होने के कारण बहस आगे नहीं बढ़ पाती।

अमेठी लोकसभा चुनाव में हार के बाद करीब दो वर्षों तक कोई बड़ी जिम्मेदारी नहीं मिलने के सवाल पर ईरानी ने कहा कि किसी पद को वह अपनी पहचान नहीं मानतीं। उन्होंने अपने राजनीतिक सफर को याद करते हुए बताया कि उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा के साथ संगठनात्मक स्तर पर काम शुरू किया था। उस समय पार्टी में कई ऐसे नेता भी उनके साथ संगठन में काम कर रहे थे, जो बाद में महत्वपूर्ण पदों पर पहुंचे।

हाल ही में भाजपा ने स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। इसके बाद पार्टी संगठन में उनकी भूमिका एक बार फिर महत्वपूर्ण हो गई है।