हॉकी विश्व कप में भारत का सफर खत्म, अर्जेंटीना ने 5-3 से हराकर सेमीफाइनल की राह रोकी

0

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय पुरुष हॉकी टीम का एफआईएच हॉकी विश्व कप 2026 में सफर सेमीफाइनल से पहले ही खत्म हो गया। अर्जेंटीना ने सोमवार को खेले गए मुकाबले में भारत को 5-3 से हराकर अंतिम चार में पहुंचने की उसकी उम्मीदें समाप्त कर दीं। भारत को सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए इस मुकाबले में बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी थी, लेकिन टीम ऐसा नहीं कर सकी।

अर्जेंटीना ने मुकाबले की शुरुआत से ही भारत पर दबाव बनाए रखा। मैच शुरू होने के 40 सेकंड के भीतर ही जोआक्विन टोस्कानी ने गोल कर अर्जेंटीना को बढ़त दिला दी। इसके बाद निकोलस दे ला टोरे ने पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। भारत की ओर से सुखजीत सिंह ने गोल कर वापसी की कोशिश की और पहले क्वार्टर के अंत में स्कोर 2-1 रहा।

दूसरे क्वार्टर में दोनों टीमें कोई गोल नहीं कर सकीं। हाफ टाइम तक अर्जेंटीना 2-1 से आगे रहा। तीसरे क्वार्टर में अर्जेंटीना ने मुकाबले पर पूरी तरह पकड़ बना ली। टोमस डोमेने ने दो गोल कर भारत की मुश्किलें बढ़ा दीं। एक समय अर्जेंटीना 4-1 से आगे था।

आखिरी क्वार्टर में भारत ने वापसी की कोशिश की। भारत ने दो और गोल किए, लेकिन अर्जेंटीना ने भी एक गोल दाग दिया। आखिरकार मुकाबला 5-3 के स्कोर पर समाप्त हुआ और भारत की सेमीफाइनल की उम्मीदें खत्म हो गईं।

तीन मैच, तीन हार

भारत के लिए विश्व कप का दूसरा चरण बेहद निराशाजनक रहा। टीम को पहले इंग्लैंड से 2-4 और फिर नीदरलैंड से 1-3 से हार मिली। अर्जेंटीना के खिलाफ तीसरी हार के साथ भारत पूल ई में सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया।

भारत को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए अर्जेंटीना के खिलाफ बड़े अंतर से जीत दर्ज करने के साथ नीदरलैंड और इंग्लैंड के मुकाबले के नतीजे पर भी निर्भर रहना था। अर्जेंटीना से हार के बाद अब भारतीय टीम के लिए टूर्नामेंट में पदक जीतने का रास्ता भी बंद हो गया है।

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने अब तक केवल एक बार विश्व कप का खिताब जीता है। टीम के पास इस बार 51 साल के पदक के सूखे को खत्म करने का मौका था, लेकिन अर्जेंटीना के खिलाफ हार के साथ यह उम्मीद भी टूट गई।