पीएम किसान की 24वीं किस्त का इंतजार, अक्टूबर में मिल सकते हैं 2,000 रुपये

0

डेस्क : प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना (PM Kisan) के लाभार्थी किसानों को अब 24वीं किस्त का इंतजार है। 23वीं किस्त जून 2026 में जारी होने के बाद अब किसानों के बीच अगली किस्त को लेकर चर्चा तेज हो गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 24वीं किस्त अक्टूबर 2026 में जारी की जा सकती है। हालांकि, केंद्र सरकार की ओर से अभी तक किस्त जारी करने की कोई आधिकारिक तारीख घोषित नहीं की गई है।

पीएम किसान योजना के तहत पात्र किसान परिवारों को सालाना 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। यह राशि तीन बराबर किस्तों में सीधे लाभार्थियों के बैंक खातों में ट्रांसफर की जाती है। प्रत्येक किस्त में 2,000 रुपये दिए जाते हैं। पिछली यानी 23वीं किस्त 20 जून 2026 को जारी की गई थी।

किस्त से पहले जरूरी है e-KYC

24वीं किस्त का लाभ पाने के लिए किसानों को अपनी e-KYC पूरी रखना जरूरी है। e-KYC पीएम किसान पोर्टल या मोबाइल ऐप के जरिए OTP से की जा सकती है। इसके अलावा कॉमन सर्विस सेंटर पर बायोमेट्रिक माध्यम से भी e-KYC की सुविधा उपलब्ध है। पीएम किसान मोबाइल ऐप के जरिए फेस ऑथेंटिकेशन का विकल्प भी मौजूद है।

बेनिफिशियरी लिस्ट में नाम जरूर जांचें

किसानों को अगली किस्त आने से पहले यह भी जांच लेना चाहिए कि उनका नाम पीएम किसान की लाभार्थी सूची में मौजूद है या नहीं। इसके लिए पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर Beneficiary List के विकल्प का इस्तेमाल किया जा सकता है। राज्य, जिला, ब्लॉक और गांव की जानकारी दर्ज करने के बाद संबंधित लाभार्थियों की सूची देखी जा सकती है। वहीं Know Your Status के माध्यम से किसान अपनी पात्रता और भुगतान से जुड़ी जानकारी भी देख सकते हैं।

इन बातों का भी रखें ध्यान

किसानों को आधार और बैंक खाते की जानकारी सही होने के साथ-साथ भूमि संबंधी सत्यापन की स्थिति भी जांच लेनी चाहिए। सरकार की ओर से कुछ ऐसे मामलों की पहचान की गई है, जिनमें पात्रता संबंधी जांच पूरी होने तक भुगतान रोका जा सकता है। इनमें 1 फरवरी 2019 के बाद जमीन के मालिक बने कुछ मामले और एक ही परिवार के एक से अधिक सदस्यों द्वारा लाभ लेने के मामले शामिल हैं।

फिलहाल 24वीं किस्त की आधिकारिक तारीख का ऐलान नहीं हुआ है। ऐसे में किसानों को किसी भी अफवाह पर भरोसा करने के बजाय पीएम किसान की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होने वाली सूचना पर नजर रखनी चाहिए।