बिहार से पंजाब तक चिराग की सियासी दस्तक, एनडीए में सीटों पर नजर

0

डेस्क : लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान की पार्टी ने अब उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनावों पर ध्यान केंद्रित करना शुरू कर दिया है। पार्टी एनडीए के साथ मिलकर दोनों राज्यों में चुनाव लड़ने की संभावना तलाश रही है और सीट बंटवारे में अपने हिस्से की मांग कर रही है।

पार्टी नेताओं के अनुसार, चिराग पासवान हाल के दिनों में उत्तर प्रदेश और पंजाब का दौरा कर चुके हैं। एलजेपी (रामविलास) का मानना है कि युवाओं और अनुसूचित जाति समुदाय के बीच चिराग पासवान की मौजूदगी को चुनावी विस्तार के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है। पार्टी उत्तर प्रदेश में गैर-जाटव दलित मतदाताओं और पंजाब में दलित मतदाताओं के एक हिस्से तक पहुंच बनाने की कोशिश कर रही है।

पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव धीरेंद्र कुमार मुन्ना ने कहा कि गठबंधन को लेकर अंतिम निर्णय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान करेंगे। उन्होंने कहा कि यदि गठबंधन होता है तो पार्टी गठबंधन और अपने उम्मीदवारों के साथ चुनाव मैदान में काम करेगी।

चिराग पासवान 24 सितंबर से पटना में ‘यूथ बोले तो’ नाम से संवाद कार्यक्रम शुरू करने वाले हैं। इस कार्यक्रम के तहत वह युवाओं से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा करेंगे।

इससे पहले अगस्त में एलजेपी (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी ने उत्तर प्रदेश और पंजाब विधानसभा चुनाव लड़ने की बात कही थी। पार्टी ने कहा था कि एनडीए में सम्मानजनक सीट बंटवारा होने पर वह गठबंधन के साथ चुनाव लड़ेगी, जबकि सीटों को लेकर सहमति नहीं बनने की स्थिति में स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ने का विकल्प भी खुला रखा गया है।