पूर्व डिप्टी स्पीकर आशीष बनर्जी की मौत, टीएमसी दफ्तर में शव मिलने से सनसनी

0

कोलकाता : पश्चिम बंगाल की राजनीति से रविवार सुबह एक चौंकाने वाली खबर सामने आई। विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता आशीष बनर्जी का शव बीरभूम जिले के रामपुरहाट में उनके घर के पास स्थित पार्टी कार्यालय से बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, उनका शव फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी गई है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक, घटनास्थल से कथित तौर पर एक सुसाइड नोट भी मिलने की बात सामने आई है, हालांकि मामले की पूरी तस्वीर पोस्टमार्टम और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

पांच बार विधायक रहे थे आशीष बनर्जी

70 वर्षीय आशीष बनर्जी बीरभूम की राजनीति में TMC के प्रमुख चेहरों में गिने जाते थे। वह रामपुरहाट विधानसभा सीट से लगातार पांच बार विधायक चुने गए थे। ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली सरकार में उन्होंने शिक्षा और कृषि मंत्री के तौर पर भी जिम्मेदारी संभाली थी। बाद में वह पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर बने।

2026 विधानसभा चुनाव में मिली थी हार

आशीष बनर्जी को इसी साल हुए पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में बीजेपी उम्मीदवार ध्रुव साहा के हाथों हार का सामना करना पड़ा था। इसके बाद वह सक्रिय राजनीति से कुछ दूरी बनाए हुए थे।

पुलिस जांच में जुटी

पार्टी कार्यालय में पूर्व डिप्टी स्पीकर का शव मिलने से राजनीतिक हलकों में भी हलचल है। पुलिस फिलहाल मौत की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह और घटनाक्रम से जुड़ी तस्वीर साफ हो सकेगी।