स्पोर्ट्स डेस्क : फुटबॉल के लिए मशहूर स्पेन ने क्रिकेट की दुनिया में भी इतिहास रच दिया है। स्पेन की क्रिकेट टीम ने इंटरनेशनल क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा मैच जीतने का ऑस्ट्रेलिया का 20 साल से अधिक पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया।
स्पेन ने 2028 टी20 वर्ल्ड कप के यूरोप सब-रीजनल क्वालिफायर सी में फिनलैंड को आठ विकेट से हराकर लगातार 21वीं टी20 इंटरनेशनल जीत दर्ज की। इस जीत के साथ स्पेन ने ऑस्ट्रेलिया के लगातार 20 इंटरनेशनल मैच जीतने के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
फरवरी 2023 से जारी है जीत का सिलसिला
स्पेन की यह शानदार जीत की शुरुआत फरवरी 2023 में आइल ऑफ मैन के खिलाफ हुई थी। इसके बाद टीम ने क्रोएशिया, चेक रिपब्लिक, ग्रीस, साइप्रस और फिनलैंड समेत कई यूरोपीय टीमों को हराया। 2025 का साल स्पेन ने लगातार 20 जीत के साथ खत्म किया और 2026 में अपने पहले ही मुकाबले में 21वीं जीत हासिल कर नया रिकॉर्ड बना दिया।
रिकी पोंटिंग की ऑस्ट्रेलियाई टीम का रिकॉर्ड टूटा
स्पेन ने जिस रिकॉर्ड को तोड़ा, वह 2003-04 की रिकी पोंटिंग की ऑस्ट्रेलियाई टीम के नाम था। उस टीम ने 2003 वर्ल्ड कप जीतने से पहले लगातार 17 वनडे मुकाबले जीते थे और इसके बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन टेस्ट मैच जीतकर लगातार 20 इंटरनेशनल जीत का रिकॉर्ड बनाया था।
स्पेन को 2019 में टी20 इंटरनेशनल का दर्जा मिला था। तब से टीम ने 50 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले हैं, जिनमें 41 में जीत और केवल आठ में हार मिली है।
क्रिकेट में स्पेन का तेजी से बढ़ता कद
स्पेन 1992 में आईसीसी का एफिलिएट सदस्य बना था और 2017 में उसे एसोसिएट सदस्य का दर्जा मिला। पिछले कुछ वर्षों में आईसीसी के डेवलपमेंट प्रोग्राम और टीम के लगातार बेहतर प्रदर्शन से स्पेन ने यूरोपीय क्रिकेट में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।
अब लगातार 21 जीत के साथ स्पेन ने न सिर्फ ऑस्ट्रेलिया का ऐतिहासिक रिकॉर्ड तोड़ा है, बल्कि 2028 टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी दावेदारी भी मजबूत कर दी है।








