डेस्क : उत्तर प्रदेश के लखीमपुर में एक युवती के साथ तीन युवकों द्वारा गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोप है कि रास्ते से गुजर रही युवती को अकेला देखकर तीनों ने उसे खींच लिया और उसके साथ दुष्कर्म किया। घटना के बाद युवती की हालत गंभीर हो गई। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, घटना सदर कोतवाली क्षेत्र में हुई। बताया गया कि युवती रास्ते से जा रही थी, तभी तीन दोस्तों ने उसे अकेला देखकर रोक लिया। आरोप है कि इसके बाद तीनों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। युवती की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे मौके पर छोड़कर फरार हो गए।
गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज में भर्ती
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेडिकल कॉलेज में उपचार जारी है। पुलिस ने युवती का मेडिकल परीक्षण कराया है और उसका बयान भी दर्ज किया जा रहा है।
तीनों आरोपी हिरासत में
पुलिस ने मामले की जांच करते हुए तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें हिरासत में ले लिया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और उनसे पूछताछ की जा रही है। तीनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस फिलहाल मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। युवती की मेडिकल रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।








