पवन सिंह और परिवार पर अभद्र टिप्पणी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, गया से पुलिस ने दबोचा

0

आरा: भोजपुरी अभिनेता और भाजपा नेता पवन सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। भोजपुर पुलिस ने आरोपी सोनू यादव को गया जिले से पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पर आरोप है कि उसने सोशल मीडिया के माध्यम से पवन सिंह, उनकी मां और बहन को लेकर अभद्र एवं आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान की गई।

जांच के दौरान पुलिस को आरोपी की लोकेशन गया जिले में मिली, जिसके बाद भोजपुर साइबर थाना की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले की आगे की जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर की गई टिप्पणी के बाद मामला तूल पकड़ गया था। इसके बाद शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।