राहुल गांधी बोले- नीट विवाद में जिम्मेदारी तय हो, धर्मेंद्र प्रधान को बर्खास्त करे सरकार

0

नई दिल्ली : नीट-यूजी परीक्षा में कथित धांधली और प्रश्नपत्र लीक विवाद को लेकर कांग्रेस और केंद्र सरकार के बीच राजनीतिक टकराव बढ़ता जा रहा है। शनिवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने दावा किया कि सरकार पर बढ़ते दबाव के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेने के बजाय उनका विभाग बदले जाने पर विचार किया जा रहा है।

राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय आया है, जब जंतर-मंतर पर छात्र संगठनों और प्रदर्शनकारियों की ओर से शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है।

राहुल गांधी ने गिनाईं छात्रों की तीन मांगें

शनिवार को दस जनपथ के बाहर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि छात्रों की तीन प्रमुख मांगें हैं, जिन पर कोई समझौता नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पहली मांग शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल पद से हटाने की है।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि सरकार उन लोगों को बचाने की कोशिश कर रही है, जिनकी वजह से देश के युवाओं के भविष्य पर असर पड़ा है। उन्होंने कहा कि शिक्षा मंत्री का केवल विभाग बदलना या उन्हें किसी अन्य जिम्मेदारी पर भेजना छात्रों को स्वीकार नहीं होगा।

राहुल गांधी ने धर्मेंद्र प्रधान पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीट विवाद के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए और शिक्षा मंत्री को बर्खास्त किया जाना चाहिए।

सरकार ने इस्तीफे की अटकलों को बताया निराधार

वहीं, विभिन्न मीडिया रिपोर्टों में केंद्र सरकार से जुड़े सूत्रों के हवाले से दावा किया गया है कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा सरकार के एजेंडे में नहीं है। सूत्रों के मुताबिक, सरकार अपने मंत्री के साथ मजबूती से खड़ी है और समस्या का समाधान करने पर ध्यान केंद्रित कर रही है।

सरकारी सूत्रों ने शिक्षा मंत्रालय में संभावित बदलाव या धर्मेंद्र प्रधान का विभाग बदले जाने की खबरों को भी अफवाह और भ्रामक बताया है।

प्रदर्शनकारियों पर कार्रवाई की राहुल ने की निंदा

राहुल गांधी ने संसद की ओर मार्च कर रहे प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई की भी निंदा की। उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर कथित लाठीचार्ज और छर्रे वाली बंदूक के इस्तेमाल का जिक्र करते हुए कार्रवाई की मांग की। राहुल ने कहा कि छात्रों के साथ कथित तौर पर अत्याचार करने वालों की जवाबदेही तय होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए।

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने की भी मांग की। उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी भारत का अतीत हैं। अतीत कभी भविष्य से नहीं लड़ सकता।”

नीट-यूजी विवाद को लेकर विपक्ष और सरकार के बीच जारी यह टकराव अब संसद से लेकर सड़क तक पहुंच गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक घमासान और तेज होने के आसार हैं।