राहुल गांधी कभी प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे’, पूनावाला के बयान से गरमाई सियासत

0

डेस्क : भारतीय जनता पार्टी से इस्तीफा देने के बाद शहजाद पूनावाला ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को लेकर बड़ा दावा किया है। पूनावाला ने कहा है कि राहुल गांधी कभी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए यह टिप्पणी की।

पूनावाला ने एक्स पर लिखा कि “जब तक मैं जिंदा हूं, राहुल गांधी भारत के प्रधानमंत्री नहीं बन पाएंगे।” एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा, “तरीका बदला है, मकसद नहीं।” उनकी यह टिप्पणी ऐसे समय आई है जब वह हाल ही में भाजपा से इस्तीफा दे चुके हैं और कांग्रेस की ओर से राहुल गांधी को 2029 के लिए प्रधानमंत्री पद के संभावित चेहरे के तौर पर पेश किए जाने की चर्चा है।

राजीव गांधी का भी किया जिक्र

पूनावाला ने एक अन्य पोस्ट में राहुल गांधी के पिता और पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का जिक्र करते हुए भी तंज कसा। उन्होंने लिखा कि वह राजीव गांधी के आभारी हैं, क्योंकि उनके अनुसार राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने में योगदान दिया और मोदी 2029 में भी प्रधानमंत्री बनेंगे।

कांग्रेस में वापसी पर भी रखी थी शर्त

भाजपा छोड़ने से पहले और बाद में पूनावाला कांग्रेस में वापसी को लेकर भी बयान दे चुके हैं। उन्होंने कहा था कि अगर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को पार्टी नेतृत्व से हटा दिया जाए और नेहरू के कार्यों के लिए माफी मांगी जाए, तभी वह कांग्रेस में लौटने पर विचार करेंगे।

पूनावाला वर्ष 2017 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। इससे पहले वह कांग्रेस से जुड़े रहे थे और पार्टी की छात्र इकाई एनएसयूआई में भी जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। उन्होंने कांग्रेस के आंतरिक चुनावों की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए पार्टी छोड़ी थी।

आर्थिक और निजी कारणों से छोड़ी भाजपा

शहजाद पूनावाला ने भाजपा से इस्तीफे के पीछे आर्थिक और निजी परिस्थितियों को वजह बताया है। उनका कहना है कि राजनीतिक दल प्रवक्ताओं और कार्यकर्ताओं को नियमित वेतन नहीं देते। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें घर का किराया देना होता है और राजनीतिक भूमिका से उन्हें आय नहीं हो रही थी। इसी कारण वह निजी क्षेत्र में नए अवसर तलाशना चाहते हैं।