राजीनामे की बैठक में खूनी खेल, चाकूबाजी में 22 साल के शाकिर की मौत

0

डेस्क : राजस्थान की राजधानी जयपुर में पुराने विवाद को खत्म करने के लिए बुलाई गई राजीनामे की बैठक खूनी संघर्ष में बदल गई। विद्याधर नगर थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान चाकूबाजी हो गई। हमले में 22 वर्षीय शाकिर की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई कय्यूम घायल हो गया।

पुलिस के अनुसार, वारदात सोमवार रात करीब 11:30 बजे मंदिर मोड़ के पास हुई। दोनों पक्षों के बीच पहले से विवाद चल रहा था। बताया गया कि एक दिन पहले भी शराब पीने के दौरान दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ था। इसके बाद विवाद खत्म करने और राजीनामा करने के लिए दोनों पक्षों को बुलाया गया था। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई और मामला चाकूबाजी तक पहुंच गया।

पैसे के विवाद को लेकर चल रहा था पुराना झगड़ा

घायल कय्यूम ने पुलिस को बताया कि भट्टा बस्ती इलाके के कुछ युवकों से उसका पैसों को लेकर पुराना विवाद था। इसी मामले में समझौते के लिए उसे विद्याधर नगर मंदिर मोड़ पर बुलाया गया था। मौके पर कुछ युवकों को देखकर विवाद बढ़ने की आशंका में कय्यूम ने अपने छोटे भाई शाकिर को भी वहां बुला लिया।

कय्यूम के मुताबिक, कुछ देर बाद वहां 5-6 युवक जमा हो गए। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ा और आरोपियों ने चाकू निकालकर शाकिर पर हमला कर दिया। चाकू उसकी जांघ में लगा। इसके बाद कय्यूम पर भी हमला किया गया।

इलाज के दौरान शाकिर ने तोड़ा दम

चाकू लगने के बाद शाकिर के शरीर से काफी खून बह गया और उसकी हालत गंभीर हो गई। परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे सवाई मानसिंह अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया। हालांकि सोमवार रात करीब 2:30 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

10 दिन पहले ही हुआ था बेटे का जन्म

शाकिर की मौत से परिवार में मातम पसर गया। परिजनों के मुताबिक, उसके घर में महज 10 दिन पहले ही बेटे का जन्म हुआ था। परिवार अभी नवजात के जन्म की खुशियां मना रहा था, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने खुशियों को मातम में बदल दिया।

कुछ युवक हिरासत में, मुख्य आरोपी की तलाश

पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ युवकों को हिरासत में लिया है। मुख्य आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है।

एसीपी शास्त्री नगर दिलीप कुमार मीणा के अनुसार, विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और चाकूबाजी में कौन-कौन शामिल था, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना की पूरी तस्वीर स्पष्ट होगी।