डेस्क : अभिनेता रणबीर कपूर की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायण’ को लेकर एक नई जानकारी सामने आई है। फिल्म के हिंदी और अंग्रेजी संस्करण की अवधि में करीब 30 मिनट का अंतर हो सकता है। रिपोर्टों के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय दर्शकों को ध्यान में रखते हुए फिल्म के अंग्रेजी संस्करण को अपेक्षाकृत छोटा रखा जाएगा। इसमें गाने शामिल नहीं होंगे और कुछ दृश्यों को भी संपादित किया जा सकता है।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, अमेरिका की सिनेमाघर श्रृंखला एएमसी की लिस्टिंग में फिल्म के हिंदी संस्करण की अवधि 3 घंटे 15 मिनट, जबकि अंग्रेजी संस्करण ‘रामायण: राइज ऑफ ए लेजेंड’ की अवधि 2 घंटे 45 मिनट बताई गई है। हालांकि, फिल्म के निर्माताओं ने अभी तक इन विवरणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के लिए अलग प्रस्तुति
रिपोर्टों के अनुसार, फिल्म के अंग्रेजी संस्करण को तैयार करते समय विदेशी दर्शकों की देखने की आदतों को ध्यान में रखा गया है। हिंदी संस्करण में जहां गीत-संगीत और मध्यांतर के साथ कहानी को विस्तार दिया जाएगा, वहीं अंग्रेजी संस्करण में गानों को हटाकर और कुछ दृश्यों को छोटा करके कथा को अधिक संक्षिप्त रूप में प्रस्तुत किए जाने की संभावना है।
फिल्म का संगीत भारतीय संस्करण का एक अहम हिस्सा है। इसका पहला गीत ‘जय जय राम’ संगीतकार ए. आर. रहमान ने तैयार किया है। इसके बोल कुमार विश्वास ने लिखे हैं और इसे अरिजीत सिंह तथा श्रेया घोषाल ने आवाज दी है।
बड़े सितारों से सजी है फिल्म
निर्देशक नितेश तिवारी की इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म को दो भागों में बनाने की योजना है। इसके जरिए भारतीय महाकाव्य रामायण को बड़े सिनेमाई स्तर पर देश और विदेश के दर्शकों तक पहुंचाने की तैयारी है।
फिल्म का पहला भाग नवंबर 2026 में सिनेमाघरों में रिलीज होने की योजना है, जबकि दूसरा भाग दीपावली 2027 के अवसर पर लाने की तैयारी है। अलग-अलग भाषाओं में फिल्म की प्रस्तुति इस बात का संकेत है कि निर्माता रामायण की कथा को वैश्विक दर्शकों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं।








