सैन डिएगो में अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का F-35B लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त, पायलट सुरक्षित; जांच शुरू

0

सैन डिएगो : अमेरिका के सैन डिएगो स्थित मरीन कॉर्प्स एयर स्टेशन (MCAS) मिरामार के पास शुक्रवार को अमेरिकी मरीन कॉर्प्स का अत्याधुनिक F-35B लड़ाकू विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद आसपास के इलाके में झाड़ियों में आग लग गई। हालांकि, विमान के पायलट ने समय रहते इजेक्ट कर लिया और उसे सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

अमेरिकी सैन्य अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना सुबह करीब 10 बजे स्थानीय समय पर हुई। यह विमान मरीन एयरक्राफ्ट ग्रुप-11 और थर्ड मरीन एयरक्राफ्ट विंग से संबद्ध था। मरीन कॉर्प्स ने इसे “एयरक्राफ्ट मिशैप” (Aircraft Mishap) बताया है।

फॉक्स न्यूज के अनुसार, फर्स्ट लेफ्टिनेंट ब्लेक स्टारबक ने बताया कि यह घटना “क्लास ए मिशैप” श्रेणी की है, जिसमें MCAS मिरामार के आसपास एक मरीन कॉर्प्स F-35B विमान शामिल था। उन्होंने पुष्टि की कि पायलट ने दुर्घटना से पहले विमान से बाहर निकलने के लिए इजेक्शन सिस्टम का इस्तेमाल किया और उसे सुरक्षित बचा लिया गया।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। सैन्य जांच एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं। लेफ्टिनेंट स्टारबक ने यह भी कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विमान किसी प्रशिक्षण उड़ान पर था, एयरबेस से उड़ान भर रहा था या वहां उतरने की प्रक्रिया में था।

हादसे के बाद विमान के मलबे से निकली आग ने आसपास के क्षेत्र में ब्रश फायर (झाड़ियों में लगी आग) का रूप ले लिया। स्काईरेंजर-7 द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में विमान दो हिस्सों में बंटा हुआ दिखाई दिया, जबकि आसपास करीब फुटबॉल मैदान के आकार का क्षेत्र जला हुआ नजर आया।

सैन डिएगो फायर-रेस्क्यू विभाग ने बताया कि वह आग बुझाने के अभियान में सैन्य अधिकारियों की सहायता कर रहा है। हालांकि, दुर्घटनास्थल और जांच की पूरी जिम्मेदारी अमेरिकी सेना के पास ही है।

अधिकारियों ने फिलहाल किसी अन्य व्यक्ति के घायल होने या मौत की पुष्टि नहीं की है। मामले की जांच पूरी होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।