संपत्ति विवाद में चाचा ने भतीजे की चाकू मारकर हत्या, पिता-पुत्र गिरफ्तार

0

डेस्क : दिल्ली के नंद नगरी इलाके में संपत्ति विवाद को लेकर एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सुंदर नगरी इलाके में शनिवार देर रात हुई इस वारदात में युवक के चाचा और चचेरे भाई पर हत्या का आरोप है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान 28 वर्षीय मोहम्मद अली के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ सुंदर नगरी के एच-ब्लॉक की गली नंबर-2 में रहता था। वहीं गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 71 वर्षीय नसीरुद्दीन और उसके 26 वर्षीय बेटे जावेद के रूप में हुई है।

दुकान को लेकर चल रहा था विवाद

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों परिवारों के बीच सुंदर नगरी मेन मार्केट स्थित एक दुकान और संपत्ति को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार रात मामूली बात को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया।

परिजनों के अनुसार, अली रात में नीचे रखे फ्रिज से पानी लेने के लिए गया था। नीचे जाने वाली सीढ़ी का दरवाजा बंद था। उसने दरवाजा खोलने के लिए आवाज लगाई। इसी दौरान नसीरुद्दीन और उसका बेटा जावेद वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने अली के साथ गाली-गलौज की और उसे सड़क तक घसीटकर ले गए।

चाकू से किए कई वार

आरोप है कि सड़क पर दोनों ने अली पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल अली को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सूचना मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने नसीरुद्दीन और जावेद को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब वारदात में अन्य लोगों की भूमिका और संपत्ति विवाद से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।

मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि संपत्ति और दुकान पर कब्जे को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से तनाव था। पुलिस मामले में आरोपों की पुष्टि के लिए सभी पहलुओं की जांच कर रही है।