जयपुर नगर निगम चुनाव में भाजपा का दबदबा, 27 वार्ड जीते; कांग्रेस 17 पर सिमटी

0

जयपुर :  जयपुर नगर निगम के 150 वार्डों में हुए चुनाव की मतगणना सोमवार को सीकर रोड स्थित भवानी निकेतन परिसर के फार्मेसी कॉलेज में जारी रही। अब तक घोषित परिणामों में भाजपा ने 27 वार्डों में जीत दर्ज की है, जबकि कांग्रेस 17 वार्डों में विजयी रही। एक वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी ने जीत हासिल की है। बाकी वार्डों में मतगणना जारी थी।

मतगणना केंद्र पर ईवीएम से वोटों की गिनती की जा रही है। इससे पहले बैलेट पेपर की गणना पूरी हो चुकी थी। निर्वाचन शाखा ने मतगणना के लिए 15 कक्षों में कुल 150 टेबल लगाई हैं।

वार्ड 25 में ईवीएम में तकनीकी खराबी के कारण परिणाम रोक दिया गया। वहीं वार्ड 47 का परिणाम भी फिलहाल होल्ड किया गया है। दोनों वार्डों के अंतिम परिणाम बाद में स्पष्ट होंगे।

वार्ड 113 से कांग्रेस प्रत्याशी गजनफर अली ने 10,014 मतों के अंतर से रिकॉर्ड जीत दर्ज की। वार्ड 71 में कांग्रेस के फाइज़ हसन ने 5,426 मत हासिल कर जीत दर्ज की। वार्ड 112 से भाजपा के सुनील कोठारी ने 905 मतों से जीत दर्ज की, जबकि वार्ड 101 में भाजपा के रविशंकर शर्मा ने कांग्रेस प्रत्याशी को महज 76 वोटों के अंतर से हराया।

जयपुर के 150 वार्डों में कुल 723 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। इस बार नगर निगम चुनाव में 63.55 प्रतिशत मतदान हुआ था। कुल 24 लाख 33 हजार 198 मतदाताओं में से 15 लाख 46 हजार 193 मतदाताओं ने मतदान किया। अब चुनाव परिणामों के साथ जयपुर नगर निगम में अगला बोर्ड किस दल का बनेगा, इसकी तस्वीर भी साफ होती जा रही है।