न्यू यॉर्क : संयुक्त राष्ट्र (यूएन) के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने रविवार को दुनिया भर के नेताओं से “शांति, गरिमा, न्याय और मानवता” के लिए एकजुट होने का आह्वान किया। न्यू यॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) से ठीक पहले आया यह बयान महासचिव के रूप में गुटेरेस का अंतिम यूएनजीए सत्र होगा।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी एक वीडियो संदेश में गुटेरेस ने जोर देकर कहा कि वैश्विक संकटों से निपटने के लिए अंतरराष्ट्रीय सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
गुटेरेस ने कहा, “इस सप्ताह दुनिया भर के नेता संयुक्त राष्ट्र महासभा के इसी हॉल में एकत्र होंगे। उनके लिए मेरा संदेश स्पष्ट है: ‘शांति, गरिमा, न्याय और मानवता के लिए एक साथ आएं। केवल अंतरराष्ट्रीय सहयोग से ही हम एक बेहतर दुनिया का निर्माण कर सकते हैं। हमें इसके लिए संघर्ष करना कभी नहीं छोड़ना चाहिए।'”
वर्ष के अंत में अपना कार्यकाल समाप्त कर रहे यूएन प्रमुख ने अपनी पोस्ट में कहा, “महासचिव के रूप में यह मेरा आखिरी #UNGA है और मेरा संदेश स्पष्ट है: हमें अंतरराष्ट्रीय संवाद, सहयोग और सामूहिक कार्रवाई की अब पहले से कहीं अधिक आवश्यकता है।”
सतत विकास लक्ष्यों और वैश्विक विश्वास पर रहेगा ध्यान
बांग्लादेश के खलीलुर रहमान की अध्यक्षता में संयुक्त राष्ट्र महासभा का 81वां सत्र आयोजित किया जा रहा है। इस वर्ष की थीम “विश्वास की पुनर्स्थापना, परिवर्तन का प्रबंधन: एक संयुक्त राष्ट्र जो सभी के लिए परिणाम दे” रखी गई है। इस उच्च स्तरीय बैठक में 193 सदस्य देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और वरिष्ठ प्रतिनिधि अपने-अपने देशों का रुख रखेंगे।
मुख्य सत्र के अलावा दो प्रमुख मंच भी चर्चा का केंद्र रहेंगे: पहला, 21 से 25 सितंबर तक आयोजित होने वाला ‘एसडीजी मीडिया जोन’, जो सतत विकास लक्ष्यों (SDGs) पर ध्यान केंद्रित करेगा; और दूसरा, ‘गोल्स लाउंज’, जहां वैश्विक मुद्दों पर अनौपचारिक संवाद होंगे। 22 से 28 सितंबर के बीच चलने वाली सामान्य बहस के दौरान विश्व नेता अपने प्राथमिकताओं को साझा करेंगे।
उत्तराधिकार की दौड़ में नया मोड़
गुटेरेस की इस अपील के बीच संगठन के नए नेतृत्व को लेकर कूटनीतिक हलचल तेज हो गई है।
अल जज़ीरा की रिपोर्ट के अनुसार, चिली की पूर्व राष्ट्रपति मिशेल बाचेलेट ने महासचिव पद की दौड़ से अपना नाम वापस ले लिया है। उनके इस फैसले के साथ ही संयुक्त राष्ट्र के 80 वर्षों के इतिहास में पहली बार किसी महिला के संगठन की प्रमुख बनने की एक प्रमुख संभावना फिलहाल समाप्त हो गई है।








