सेंसर बोर्ड ने बिना कट पास की सनी देओल की ‘बंटवारा 1947’, मिला ‘ए’ सर्टिफिकेट

0

डेस्क : सनी देओल की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले सेंसर बोर्ड की परीक्षा में पास हो गई है। फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) ने बिना किसी कट के ‘ए’ सर्टिफिकेट दिया है। यानी फिल्म के किसी भी संवाद या दृश्य में बदलाव की जरूरत नहीं पड़ी। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और यह आमिर खान के प्रोडक्शन में बनी है।

बिना कट के मिली मंजूरी

फिल्म को ‘ए’ सर्टिफिकेट मिलने की जानकारी सामने आने के बाद निर्देशक राजकुमार संतोषी ने बताया कि यह रेटिंग उनकी पहली पसंद नहीं थी। उन्होंने कहा कि फिल्म के लिए ‘ए’ सर्टिफिकेट सीबीएफसी की ओर से चुना गया। निर्माताओं के सामने विकल्प था कि अगर फिल्म को यू/ए सर्टिफिकेट दिया जाता, तो कुछ हिस्सों में कट लगाने पड़ते।

संतोषी के मुताबिक, सीबीएफसी को फिल्म पसंद आई और बोर्ड फिल्म के किसी फ्रेम या संवाद में बदलाव नहीं करना चाहता था। ऐसे में निर्माताओं ने ‘ए’ सर्टिफिकेट के साथ आगे बढ़ने पर सहमति जताई।

‘हम कोई संदेश देने के लिए फिल्म नहीं बना रहे’

राजकुमार संतोषी ने फिल्म के उद्देश्य को लेकर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि फिल्म बनाने का मकसद दर्शकों को कोई संदेश देना नहीं है। उनके मुताबिक, फिल्म सबसे पहले मनोरंजक होनी चाहिए।

‘बंटवारा 1947’ की कहानी भारत के विभाजन के दौर की पृष्ठभूमि में रखी गई है। संतोषी का कहना है कि फिल्म में किरदारों को केवल हिंदू-मुस्लिम पहचान के नजरिए से नहीं, बल्कि इंसान के रूप में देखने की कोशिश की गई है। कहानी में उस दौर के लोगों की हिम्मत, त्याग और कमजोरियों को भी सामने लाया गया है।

‘लाहौर 1947’ नहीं था फिल्म का आधिकारिक नाम

फिल्म के नाम को लेकर भी राजकुमार संतोषी ने स्पष्ट किया कि ‘लाहौर 1947’ से ‘बंटवारा 1947’ नाम बदलने की बात सही नहीं है। उन्होंने बताया कि ‘लाहौर 1947’ हमेशा से फिल्म का वर्किंग टाइटल था।

14 अगस्त को रिलीज होगी फिल्म

सनी देओल की यह फिल्म 14 अगस्त 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म में सनी देओल के साथ शबाना आजमी, प्रीति जिंटा, अभिमन्यु सिंह, करण देओल और अली फजल समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का संगीत ए. आर. रहमान ने दिया है, जबकि गीत जावेद अख्तर ने लिखे हैं।