डेस्क: उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर बयानबाजी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर के दावों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी का कोई भी सांसद टूटने वाला नहीं है और राजभर की बातों को कोई गंभीरता से नहीं लेता।
शिवपाल यादव ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि वह झूठ और साजिश की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा चुनावी लाभ लेने के लिए इस तरह के दावे और अफवाहें फैलाती है, लेकिन जमीनी स्तर पर इसका कोई असर नहीं है।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी, अखिलेश यादव के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। शिवपाल यादव के मुताबिक, जनता का रुझान लगातार सपा के पक्ष में बढ़ रहा है और विपक्षी दलों की कोशिशें विफल साबित होंगी।
ओम प्रकाश राजभर ने हाल ही में सपा में टूट और सांसदों के पाला बदलने को लेकर बयान दिया था, जिसके बाद राजनीतिक सरगर्मी बढ़ गई थी। हालांकि सपा नेताओं ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे राजनीतिक प्रचार करार दिया है।
इस पूरे मामले ने यूपी की राजनीति में एक बार फिर आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज कर दिया है।


