सिटा विवाद में पुलिस ने पूनम ढिल्लों और उपासना सिंह को लगाई फटकार

0

मुंबई : सिने एंड टेलीविजन आर्टिस्ट्स एसोसिएशन के भीतर चल रहा विवाद अब और बढ़ता दिखाई दे रहा है। संगठन के कार्यालय के बाहर अभिनेत्री पूनम ढिल्लों, उपासना सिंह, पद्मिनी कोल्हापुरे और कुनिका सदानंद के बीच तीखी बहस का एक वीडियो सामने आया है। विवाद बढ़ने पर मौके पर मौजूद पुलिस ने हस्तक्षेप करते हुए सभी को शांत रहने की नसीहत दी।

बताया जा रहा है कि विवाद संगठन के कार्यालय से जरूरी दस्तावेज और फाइलें बाहर ले जाने को लेकर हुआ। कुनिका सदानंद ने इस पर आपत्ति जताई और सवाल उठाए। इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच बहस तेज हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस ने कलाकारों को सार्वजनिक स्थान पर इस तरह विवाद नहीं करने की हिदायत दी। पुलिस अधिकारी ने नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि यदि कोई अन्य व्यक्ति इस तरह का व्यवहार करता तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती थी।

वहीं, उपासना सिंह ने कार्यालय से बाहर भेजे गए दस्तावेजों को वापस मंगाने की बात कही। पुलिस ने स्पष्ट किया कि दस्तावेजों से संबंधित मामला उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं आता। यदि दस्तावेजों को लेकर कोई अनियमितता हुई है तो संबंधित विभाग में शिकायत की जा सकती है।

ग्यारह सदस्यों के इस्तीफे से शुरू हुआ विवाद

संगठन में विवाद की शुरुआत उस समय हुई जब समिति के ग्यारह सदस्यों ने अध्यक्ष पूनम ढिल्लों और उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे के खिलाफ शिकायत करते हुए इस्तीफा दे दिया था। सदस्यों ने आरोप लगाया था कि कुछ महत्वपूर्ण फैसले समिति के सदस्यों से पर्याप्त चर्चा किए बिना लिए गए।

विवाद के बाद संगठन के भीतर आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। अब कार्यालय के बाहर सामने आए इस घटनाक्रम ने मामले को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है।