समय रैना को भारी पड़ा अर्चना की व्लॉगिंग पर तंज, मिला मजेदार जवाब

0

डेस्क : कॉमेडियन समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट 2’ का हालिया एपिसोड अर्चना पूरन सिंह और समय रैना की मजेदार नोकझोंक को लेकर चर्चा में है। शो में अर्चना पूरन सिंह और ओरहान अवात्रामणि (ओरी) पैनल का हिस्सा थे। इस दौरान समय ने अर्चना की फैमिली व्लॉगिंग को लेकर मजाक किया, जिसका अभिनेत्री ने भी उसी अंदाज में जवाब दिया।

एपिसोड में प्रतियोगी एआर तिवारी ने भोजपुरी शायरी प्रस्तुत की। समय ने उनसे शायरी के अलावा दूसरे काम के बारे में पूछा। तिवारी ने बताया कि वह डांस, व्लॉगिंग और रैप भी करते हैं। इस पर समय ने अर्चना की ओर इशारा करते हुए कहा, “व्लॉगिंग के लिए टैलेंट की जरूरत नहीं होती।”

समय की इस टिप्पणी पर अर्चना ने तुरंत पलटवार करते हुए कहा, “गालियां देना टैलेंट है।” अर्चना के जवाब पर दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं, जबकि समय उस वक्त कोई तत्काल जवाब नहीं दे पाए।

इसके बाद समय ने अर्चना की मशहूर हंसी को लेकर भी कई चुटकुले किए। उन्होंने अभिनेत्री के परिवार को भी अपनी कॉमेडी का हिस्सा बनाया। अर्चना का परिचय देते हुए समय ने ‘कुछ कुछ होता है’ में उनके निभाए किरदार ‘मिस ब्रगांजा’ का जिक्र किया और फिर उनके फैमिली व्लॉग्स पर टिप्पणी की।

समय ने कहा कि उन्होंने अर्चना के व्लॉग देखे हैं और मजाकिया अंदाज में कहा कि उनके पति और बेटे काम नहीं करते। उन्होंने इसे ‘रिवर्स पितृसत्ता’ बताते हुए कहा कि उनके घर में केवल महिलाएं ही काम कर रही हैं।

समय की इस टिप्पणी पर अर्चना के बेटे आर्यमान और आयुष्मान सेठी, जो दर्शकों के बीच पहली पंक्ति में बैठे थे, भी हंस पड़े। अर्चना ने मजाकिया अंदाज में उन्हें चेतावनी देते हुए कहा, “मैंने तुम्हें पहली पंक्ति में बैठने से मना किया था। इस तरह तुम्हें फेम नहीं मिलेगा, बल्कि बेइज्जती होगी।”

गौरतलब है कि अर्चना पूरन सिंह ने दिसंबर 2024 में अपने परिवार के साथ यूट्यूब व्लॉगिंग की शुरुआत की थी। उन्होंने अपने पति परमीत सेठी और बेटों आर्यमान व आयुष्मान सेठी के साथ ‘AAAP Ka Parivaar’ नाम से यूट्यूब चैनल शुरू किया है।