स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय टीम ने दूसरे टी-20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर पांच मैचों की सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली। क्राइस्टचर्च में खेले गए रोमांचक मुकाबले में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए पांच विकेट पर 180 रन बनाए। जवाब में भारतीय टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत की जीत के नायक तिलक वर्मा रहे, जिन्होंने 26 गेंदों में नाबाद 51 रन बनाए। नीतीश कुमार ने भी 13 गेंदों में 26 रन की तेजतर्रार पारी खेलकर जीत में अहम योगदान दिया।
तिलक और नीतीश की साझेदारी ने पलटा मैच
181 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन 17 गेंदों में 14 रन बनाकर आउट हुए। वैभव सूर्यवंशी केवल चार रन बना सके, जबकि अभिषेक शर्मा ने 21 गेंदों में 27 रन का योगदान दिया। कप्तान श्रेयस अय्यर सात और अक्षर पटेल 11 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।
लगातार विकेट गिरने से भारतीय टीम दबाव में आ गई थी। ऐसे समय में नमन धीर ने 17 गेंदों में 31 रन बनाकर टीम को संभालने की कोशिश की। इसके बाद तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए मुकाबले का रुख भारत की ओर मोड़ दिया। उन्होंने अपनी नाबाद पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया।
दूसरी ओर, नीतीश ने तेजी से रन बटोरते हुए तिलक का अच्छा साथ दिया। दोनों बल्लेबाजों ने सातवें विकेट के लिए महज 30 गेंदों में 69 रन की साझेदारी कर भारत को जीत तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड की ओर से मिचेल सेंटनर ने चार विकेट लिए।
फिलिप्स और जैकब्स के अर्धशतकों से न्यूजीलैंड ने बनाए 180 रन
इससे पहले टॉस जीतकर भारतीय कप्तान ने गेंदबाजी का फैसला किया। न्यूजीलैंड की शुरुआत खराब रही और टीम ने पावरप्ले के दौरान तीन विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह ने टिम साइफर्ट को आउट किया, जबकि भुवनेश्वर कुमार ने डेरिल मिचेल को पवेलियन भेजा। प्रिंस यादव ने फिन एलन को क्लीन बोल्ड कर न्यूजीलैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं।
हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और जैकब्स ने मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी कर टीम को संकट से उबारा। फिलिप्स ने 43 गेंदों में 70 रन बनाए, जबकि जैकब्स ने 46 गेंदों में 58 रन की पारी खेली। दोनों के अर्धशतकों की बदौलत न्यूजीलैंड की टीम निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट पर 180 रन बनाने में सफल रही। भारत की ओर से अर्शदीप सिंह ने दो विकेट हासिल किए।
सीरीज में भारत की मजबूत पकड़
इस जीत के साथ भारतीय टीम ने पांच मैचों की टी-20 सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है। इससे पहले खेले गए मुकाबले में भी भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराया था। लगातार दूसरी जीत से भारतीय टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है और अब उसकी नजरें सीरीज में अपनी बढ़त और मजबूत करने पर होंगी।









