डेस्क : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में टोयोटा जल्द ही अपनी कई लोकप्रिय कारों को नए अवतार में पेश करने की तैयारी कर रही है। कंपनी के आगामी मॉडलों की सूची में ग्लैंजा फेसलिफ्ट, टैसर फेसलिफ्ट, इनोवा हाइक्रॉस फेसलिफ्ट, नई पीढ़ी की फॉर्च्यूनर और हाइराइडर फेसलिफ्ट शामिल हैं। इनमें कुछ मॉडल इस साल के अंत तक, जबकि कुछ अगले साल बाजार में दस्तक दे सकते हैं।
ग्लैंजा फेसलिफ्ट
टोयोटा ग्लैंजा के अपडेटेड मॉडल को जल्द बाजार में उतारे जाने की संभावना है। नई ग्लैंजा के बाहरी डिजाइन में बदलाव के साथ कई नए फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें लेवल-2 ADAS, वेंटिलेटेड सीट्स, 360 डिग्री कैमरा और 9 इंच टचस्क्रीन जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। कार में नया 1.2 लीटर तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिए जाने की भी संभावना है।
टैसर फेसलिफ्ट
टोयोटा टैसर को भी फेसलिफ्ट अपडेट मिलने की तैयारी है। इसके फ्रंट डिजाइन में बदलाव के साथ नए फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, इसमें नया 1.2 लीटर Z12E तीन-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जा सकता है। वहीं, मौजूदा 1.0 लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का विकल्प भी बरकरार रहने की संभावना है।
इनोवा हाइक्रॉस फेसलिफ्ट
इनोवा हाइक्रॉस के फेसलिफ्ट मॉडल की टेस्टिंग की खबरें सामने आ चुकी हैं। इसमें नए फ्रंट डिजाइन के साथ केबिन में भी कई बदलाव देखने को मिल सकते हैं। संभावित फीचर्स में बड़ा टचस्क्रीन, अपडेटेड 360 डिग्री कैमरा, पैनोरमिक सनरूफ और वेंटिलेटेड रियर सीट्स शामिल हैं। इसमें मौजूदा 2.0 लीटर पेट्रोल और स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पावरट्रेन जारी रहने की संभावना है।
नई फॉर्च्यूनर
टोयोटा की लोकप्रिय एसयूवी फॉर्च्यूनर की नई पीढ़ी को लेकर भी तैयारियां चल रही हैं। नई फॉर्च्यूनर को नए प्लेटफॉर्म पर विकसित किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसमें नया फ्रंट डिजाइन, एलईडी लाइटिंग और अपडेटेड इंटीरियर देखने को मिल सकता है। रिपोर्ट के अनुसार, इसमें पेट्रोल और डीजल इंजन के साथ 4×4 का विकल्प भी जारी रह सकता है।
हाइराइडर फेसलिफ्ट
टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर को भी मिड-लाइफ फेसलिफ्ट मिलने की संभावना है। इसमें एक्सटीरियर डिजाइन और फ्रंट प्रोफाइल में बदलाव किए जा सकते हैं। केबिन में ADAS, वेंटिलेटेड सीट्स और बड़ा टचस्क्रीन जैसे नए फीचर्स जोड़े जाने की उम्मीद है। मौजूदा इंजन विकल्पों को बरकरार रखे जाने की संभावना है।
टोयोटा के इन आगामी मॉडलों की कीमत और लॉन्च की आधिकारिक तारीखों का खुलासा कंपनी की ओर से किया जाना बाकी है। ऐसे में फीचर्स और पावरट्रेन से जुड़ी मौजूदा जानकारियों को संभावित बदलावों के तौर पर ही देखा जा रहा है।








