यूक्रेन का रूस पर बड़ा ड्रोन हमला, जवाबी कार्रवाई में लक्ष्मी मित्तल की स्टील फैक्ट्री को नुकसान

0

डेस्क : रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में रविवार को एक बार फिर बड़ा सैन्य टकराव देखने को मिला। यूक्रेन ने रूस के कई इलाकों में सैकड़ों ड्रोन से हमला किया, जबकि रूस ने जवाबी कार्रवाई में यूक्रेन के कई शहरों को निशाना बनाया। रूसी हमले में भारतीय अरबपति लक्ष्मी मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल की क्रिवी रिह स्थित स्टील फैक्ट्री भी प्रभावित हुई।

रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन का हमला रूस पर युद्ध शुरू होने के बाद के सबसे बड़े हवाई हमलों में से एक था। रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया कि उसने रातभर में 822 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए। मॉस्को की ओर बढ़ रहे सैकड़ों ड्रोन को भी रूसी एयर डिफेंस ने रोकने का दावा किया है।

रूस की जवाबी कार्रवाई में कई लोगों की मौत

रूस के हमलों में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के गृहनगर क्रिवी रिह में दो लोगों की मौत हो गई और कम से कम 14 लोग घायल हुए। सूमी और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में भी रूसी हमलों में लोगों के मारे जाने की खबर है।

जेलेंस्की ने रूस पर बुनियादी ढांचे और औद्योगिक प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने का आरोप लगाया है।

लक्ष्मी मित्तल की स्टील फैक्ट्री पर मिसाइल हमला

रूस की मिसाइल ने क्रिवी रिह स्थित ArcelorMittal Kryvyi Rih स्टील प्लांट को भी नुकसान पहुंचाया। यह संयंत्र भारतीय मूल के अरबपति लक्ष्मी मित्तल के नेतृत्व वाले आर्सेलरमित्तल समूह का हिस्सा है और यूक्रेन की सबसे महत्वपूर्ण औद्योगिक इकाइयों में गिना जाता है।

हमले में प्लांट के बिजली उत्पादन और ब्लास्ट फर्नेस से जुड़े महत्वपूर्ण हिस्से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इसके चलते संयंत्र में उत्पादन प्रक्रिया आंशिक रूप से रोकनी पड़ी है। कंपनी ने नुकसान की पुष्टि की है।

रूस में भी बड़े पैमाने पर नुकसान

यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस के रोस्तोव क्षेत्र में पांच लोगों की मौत की खबर है। मॉस्को क्षेत्र में भी एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके अलावा पोडॉल्स्क में ऑनलाइन रिटेल कंपनी वाइल्डबेरीज के एक गोदाम में आग लग गई।

दोनों देशों के बीच लगातार बढ़ रहे लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल हमलों से युद्ध का दायरा और व्यापक होता जा रहा है। ताजा घटनाक्रम ऐसे समय सामने आया है जब रूस और यूक्रेन के बीच संघर्ष को चार साल से अधिक समय हो चुका है और दोनों पक्ष एक-दूसरे के सैन्य एवं औद्योगिक ठिकानों को निशाना बना रहे हैं।