स्पोर्ट्स डेस्क : जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी भले ही बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे, लेकिन अपनी छोटी पारी के दम पर उन्होंने एक खास रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वैभव ने महेला जयवर्धने को पीछे छोड़ते हुए टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के शुरुआती पांच मैचों में सर्वाधिक स्ट्राइक रेट के मामले में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है।
वैभव ने जिम्बाब्वे के खिलाफ नौ गेंदों पर तीन चौकों और एक छक्के की मदद से 20 रन बनाए। उनकी स्ट्राइक रेट 222.22 रही। इस पारी के बाद उनके पहले पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों का औसत स्ट्राइक रेट 211.32 हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज महेला जयवर्धने को पीछे छोड़ दिया, जिन्होंने अपने शुरुआती पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 201.82 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
हालांकि, वैभव सूर्यवंशी इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल करने से चूक गए। भारत के पूर्व स्टार ऑलराउंडर युवराज सिंह अब भी सबसे आगे हैं। युवराज ने अपने पहले पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 235.09 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए थे।
वैभव ने अब तक पांच टी-20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेले हैं। इनमें उन्होंने 211.32 के स्ट्राइक रेट से कुल 112 रन बनाए हैं, जिसमें एक अर्धशतक भी शामिल है। शुरुआती पांच मैचों के बाद सर्वाधिक स्ट्राइक रेट वाले बल्लेबाजों की सूची में युवराज सिंह पहले, वैभव सूर्यवंशी दूसरे और महेला जयवर्धने तीसरे स्थान पर हैं।








