विजय सरकार का पहला बजट: छात्रों को लैपटॉप-साइकिल, महिलाओं को 8 ग्राम सोना

0

डेस्क : तमिलनाडु में थलपति विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कझगम सरकार ने बुधवार को अपना पहला बजट पेश किया। विधानसभा में वित्त मंत्री एन. मैरी विल्सन ने वित्त वर्ष 2026-27 का बजट पेश किया। बजट में युवाओं, छात्रों और महिलाओं के लिए कई बड़ी योजनाओं की घोषणा की गई। यह बजट ऐसे समय पेश हुआ है, जब विधानसभा में सरकार और विपक्ष के बीच राजनीतिक टकराव भी देखने को मिल रहा है।

छात्रों और युवाओं के लिए बड़े ऐलान

सरकार ने कॉलेज जाने वाले छात्रों के लिए लैपटॉप योजना शुरू करने की घोषणा की है। इसके लिए बजट में 2,000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। कक्षा 11वीं के छात्र-छात्राओं को साइकिल देने की योजना के लिए 277 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं।

कक्षा 9वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों के लिए के. कामराज के नाम पर सरकारी आवासीय स्कूल बनाए जाएंगे। इसके लिए 125 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सरकारी स्कूलों के आधुनिकीकरण के लिए भी 300 करोड़ रुपये रखे गए हैं।

महिलाओं के लिए सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी

विजय सरकार ने महिलाओं के लिए शादी सहायता योजना का विस्तार करते हुए आठ ग्राम सोने का सिक्का और रेशमी साड़ी देने की घोषणा की है। इस योजना के लिए 812 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

सरकारी अस्पतालों में जन्म लेने वाले नवजात बच्चों को सोने की अंगूठी देने की योजना के लिए 560 करोड़ रुपये रखे गए हैं। महिलाओं और नवजात बच्चों से जुड़ी सोने की सहायता योजनाओं पर कुल 1,300 करोड़ रुपये से अधिक खर्च का प्रस्ताव है।

हज सब्सिडी बढ़ी, मुफ्त बिजली का वादा दोहराया

बजट में पहली बार हज यात्रा पर जाने वाले यात्रियों के लिए सब्सिडी बढ़ाकर 35 हजार रुपये करने की घोषणा की गई है। पहले यह राशि 25 हजार रुपये थी।

घरेलू उपभोक्ताओं को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का चुनावी वादा भी सरकार ने बजट में दोहराया है। इसके अलावा राज्य में 717 शराब की दुकानों को बंद करने की घोषणा की गई है।

नीट खत्म करने की मांग फिर दोहराई

तमिलगा वेत्री कझगम सरकार ने केंद्र से नीट परीक्षा खत्म करने की मांग भी दोहराई। सरकार ने मेडिकल दाखिले के लिए 12वीं कक्षा के अंकों के आधार पर पुरानी व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

विजय सरकार ने राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और वित्तीय संकट से बाहर निकालने पर भी जोर दिया। सरकार ने तमिलनाडु को दीर्घकाल में 1.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने का लक्ष्य रखा है।

विधानसभा में राजनीतिक टकराव के बीच बजट

विजय सरकार का पहला बजट ऐसे समय आया है, जब तमिलनाडु की राजनीति में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तनाव बढ़ा हुआ है। विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन की हालिया गिरफ्तारी और रिहाई के बाद विधानसभा सत्र को लेकर राजनीतिक माहौल और गर्म हो गया है। बजट पेश किए जाने के दौरान मुख्यमंत्री विजय और उदयनिधि स्टालिन दोनों सदन में मौजूद रहे।