७० वर्षीय महिला से सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या

0

डेस्क : मोहनलालगंज क्षेत्र में ७० वर्षीय महिला की सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि शराब पार्टी के दौरान दो युवकों ने महिला के साथ वारदात की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और करीब ५० मीटर तक घसीटकर ले गए। इसके बाद गला दबाकर उसकी हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार महिला गांव के बाहरी हिस्से में एक हाते के पास रहती थी और वहां जानवरों की देखभाल करती थी। रविवार रात खाना खाने के बाद वह हाते में सोने चली गई। देर रात उसकी चीख-पुकार सुनकर परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। तलाश के दौरान करीब ५० मीटर दूर झाड़ियों में महिला का शव मिला। घटनास्थल पर टूटी चूड़ियां और कपड़े भी मिले।

पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों पर वारदात में शामिल होने का आरोप सामने आया। पुलिस ने हत्या और सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट में महिला की मौत गला दबाने से होने की पुष्टि हुई है। पुलिस मामले में अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ जारी है।