कानपुर कारोबारी हत्याकांड में बेटा मास्टरमाइंड, बहू ने खुद को बताया निर्दोष

0

डेस्क : दवा कारोबारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में पुलिस जांच के दौरान नया मोड़ सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, कारोबारी की हत्या की साजिश उसके बेटे सुब्रत मिनोचा ने रची थी। पुलिस का दावा है कि सुब्रत ने अपने पिता की हत्या के लिए नौकर विशाल गौतम को सुपारी दी थी।

जांच के दौरान विशाल के बयान में भी बदलाव सामने आया। शुरुआत में उसने कारोबारी की हत्या के लिए सुब्रत की पत्नी शालू को जिम्मेदार बताया था। बाद में पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि हत्या के बाद शालू का नाम लेने के लिए सुब्रत ने उसे कहा था। इसके बाद पुलिस ने सुब्रत से डिजिटल साक्ष्यों, चैट और लोकेशन समेत अन्य तथ्यों के आधार पर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान खून से सने कपड़े और फ्लैट की चाबी भी बरामद की गई है। पूछताछ में सुब्रत और शालू का आमना-सामना भी कराया गया। पुलिस का कहना है कि इस दौरान शालू ने अपने पति को बचाने की गुहार लगाई और खुद जेल जाने तक की बात कही।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सुब्रत ने पिता की हत्या की साजिश में अपनी भूमिका स्वीकार की है। हालांकि मामले में हत्या के पीछे के कारण और साजिश में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच अभी जारी है। पुलिस ने मामले से जुड़े लोगों से पूछताछ और साक्ष्यों की जांच तेज कर दी है।