डेस्क : बक्शा थाना क्षेत्र में वाराणसी-लखनऊ हाईवे पर गुरुवार रात यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक दुर्गेश श्रीवास्तव का शव उनकी कार में मिला। पुलिस के अनुसार उन्होंने कार में खुद को गोली मारी थी। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
बताया गया कि दुर्गेश श्रीवास्तव सुजानगंज थाना क्षेत्र की सराय पड़री स्थित यूनियन बैंक की शाखा में प्रबंधक के पद पर तैनात थे और जौनपुर शहर में परिवार के साथ किराये के मकान में रहते थे। गुरुवार रात वह कार से जा रहे थे। बक्शा थाना क्षेत्र में द्वारिका ढाबा के पास उनकी कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।
हाईवे कर्मियों ने कार में उन्हें घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार का शीशा तोड़कर उन्हें बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार गोली उनके सीने में लगी थी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कार से सुसाइड नोट समेत अन्य साक्ष्य बरामद किए गए हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों के अनुसार दुर्गेश पिछले कुछ दिनों से तनाव में थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







