तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में सात विकेट खोकर 295 रन बनाए। इसके साथ ही भारत के सामने जीत के लिए 296 रनों का लक्ष्य रखा है।
वेस्टइंडीज की पारी के सबसे बड़े नायक जस्टिन ग्रीव्स रहे। उन्होंने 108 गेंदों का सामना करते हुए 101 रन की शानदार पारी खेली। अपनी पारी में उन्होंने 12 चौके लगाए। ग्रीव्स ने जॉन कैंपबेल के साथ मिलकर पारी की मजबूत शुरुआत की। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 135 रनों की साझेदारी की। कैंपबेल ने 60 गेंदों में 62 रन बनाए।
इसके बाद वेस्टइंडीज की पारी लड़खड़ाती नजर आई। कीसी कार्टी 13 रन और कप्तान शाई होप 12 रन बनाकर आउट हुए, जबकि ज्वेल एंड्रयू खाता भी नहीं खोल सके। एक समय टीम मुश्किल स्थिति में नजर आ रही थी, लेकिन आमिर जांगू ने मोर्चा संभालते हुए पारी को संभाला और टीम को 300 रन के करीब पहुंचाया।
आमिर जांगू ने 43 गेंदों में नाबाद 58 रन बनाए। उनकी पारी में सात चौके और एक छक्का शामिल रहा। उन्होंने रोस्टन चेज के साथ छठे विकेट के लिए 52 रन और मैथ्यू फोर्ड के साथ सातवें विकेट के लिए 37 रनों की साझेदारी की। रोस्टन चेज ने 24 जबकि मैथ्यू फोर्ड ने सात रन बनाए।
भारत की ओर से स्पिनर कुलदीप यादव सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट अपने नाम किए। तेज गेंदबाज प्रसिद्ध कृष्णा को दो विकेट मिले, जबकि ऑलराउंडर नीतीश कुमार रेड्डी ने एक बल्लेबाज को पवेलियन भेजा।
वेस्टइंडीज के 295 रन के जवाब में अब भारतीय टीम के सामने 50 ओवर में 296 रन बनाने की चुनौती है।








