यूएनजीए में ट्रंप का फिर दावा, भारत-पाक संघर्ष रोककर बचाईं 3 करोड़ जानें

0

डेस्क : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच मई 2025 में हुए सैन्य संघर्ष को रुकवाने में अपनी भूमिका का दावा किया। ट्रंप ने कहा कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने उन्हें बताया था कि उनके प्रयासों से करीब तीन करोड़ लोगों की जान बची। उन्होंने कहा कि संभव है कि बचाई गई जिंदगियों की संख्या इससे भी अधिक हो।

अपने संबोधन में ट्रंप ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को उन कई युद्धों में शामिल किया, जिन्हें उन्होंने अपने प्रयासों से समाप्त कराने का दावा किया। उन्होंने कहा कि विभिन्न देशों के नेताओं के साथ उनके संबंधों के अलावा व्यापार, टैरिफ और टैरिफ लगाने की चेतावनी जैसे आर्थिक साधनों ने भी संघर्षों को रोकने में भूमिका निभाई।

ट्रंप इससे पहले भी कई मौकों पर दावा कर चुके हैं कि मई 2025 में भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्षविराम कराने में अमेरिका की अहम भूमिका रही। हालांकि, भारत ने इस दावे को स्वीकार नहीं किया है। भारत का स्पष्ट रुख रहा है कि दोनों देशों के बीच सैन्य कार्रवाई रोकने का फैसला सीधे भारतीय और पाकिस्तानी सैन्य अधिकारियों के बीच हुई बातचीत के बाद लिया गया था और इसमें किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता नहीं थी।

भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद बढ़ा था। इसके बाद भारत ने आतंकवाद के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया। दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव के बाद संघर्षविराम पर सहमति बनी थी।

संयुक्त राष्ट्र में अपने संबोधन के दौरान ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की भी प्रशंसा की और उन्हें ‘बहुत अच्छे व्यक्ति’ के रूप में संबोधित किया। ट्रंप ने कहा कि शरीफ ने भारत-पाकिस्तान संघर्ष को रोकने के उनके प्रयासों की सराहना की थी।