लखनऊ : उत्तर प्रदेश में कांग्रेस ने अपने संगठन को मजबूत करने की दिशा में एक और कदम उठाते हुए अल्पसंख्यक विभाग की 100 सदस्यीय राज्य सलाहकार परिषद का गठन किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी ने परिषद के गठन की घोषणा की।
नवगठित परिषद में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ विभिन्न सामाजिक और अल्पसंख्यक वर्गों से जुड़े लोगों को शामिल किया गया है। परिषद में उत्तर प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना शुक्ला मोना, प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग के चेयरमैन सोहेल अख्तर अंसारी, सांसद इमरान मसूद और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद समेत कई प्रमुख नाम शामिल हैं।
इमरान प्रतापगढ़ी ने परिषद के सदस्यों को बधाई देते हुए कहा कि यह टीम उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के संगठन को मजबूत करने और सामाजिक मुद्दों पर पार्टी की गतिविधियों को आगे बढ़ाने में भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय के मार्गदर्शन में परिषद पार्टी की समावेशी विचारधारा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच ले जाने का काम करेगी।
परिषद में विभिन्न समुदायों और सामाजिक पृष्ठभूमि से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। कांग्रेस का यह संगठनात्मक कदम ऐसे समय में सामने आया है जब पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और विभिन्न सामाजिक समूहों के बीच अपनी राजनीतिक पहुंच बढ़ाने पर जोर दे रही है।
इस बीच प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने भी लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विभिन्न राजनीतिक और जनहित के मुद्दों पर केंद्र तथा राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों और सरकारी खर्च समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार से सवाल किए।








