यूपी में बारिश से बिगड़ा रसोई का बजट, प्याज-हरी सब्जियों के दाम बढ़े

0

डेस्क  :  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में लगातार हो रही बारिश का असर अब रसोई के बजट पर भी दिखाई देने लगा है। मंडियों में सब्जियों की आवक प्रभावित होने और फसलों को नुकसान पहुंचने से प्याज समेत कई हरी सब्जियों के दाम पिछले कुछ दिनों में 5 से 15 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं।

प्याज के दाम में सबसे अधिक उछाल देखने को मिला है। तीन दिन में प्याज करीब 10 रुपये महंगा होकर फुटकर बाजार में 55 से 60 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है। पहले यह 45 से 50 रुपये किलो बिक रहा था। व्यापारियों के अनुसार महाराष्ट्र में भारी बारिश से प्याज की फसल प्रभावित हुई है, जिसका असर लखनऊ की मंडियों में आने वाली आपूर्ति पर पड़ा है।

दुबग्गा मंडी में प्याज की दैनिक आवक 15-20 ट्रकों से घटकर 10-12 ट्रक रह गई है। इसके चलते थोक भाव भी 27-32 रुपये से बढ़कर 37-42 रुपये प्रति किलो हो गया है।

भिंडी, लौकी और तोरई भी महंगी

बारिश के कारण अन्य सब्जियों के दाम भी बढ़े हैं। आलू 10-15 रुपये से बढ़कर 15-20 रुपये, लौकी और तोरई 25-30 रुपये से बढ़कर 30-35 रुपये तथा भिंडी 30-35 रुपये से बढ़कर करीब 40 रुपये प्रति किलो हो गई है। शिमला मिर्च के दाम भी कई बाजारों में 100 रुपये से ऊपर बने हुए हैं।

हालांकि, टमाटर के दाम में उपभोक्ताओं को कुछ राहत मिली है। आपूर्ति में सुधार के चलते टमाटर करीब 10 रुपये सस्ता होकर 40 रुपये प्रति किलो पर आ गया है।

मध्यमवर्गीय परिवारों पर बढ़ा बोझ

सब्जियों के बढ़ते दामों का सीधा असर घरेलू बजट पर पड़ा है। कारोबारियों के अनुसार मध्यमवर्गीय परिवारों का मासिक सब्जी बजट करीब 3,000-3,500 रुपये से बढ़कर 5,000-5,500 रुपये तक पहुंच गया है। यदि बारिश के कारण आपूर्ति प्रभावित रही तो आने वाले दिनों में सब्जियों की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।