1.7 टन ड्रग्स जब्त, कनाडा में सीमा पार तस्करी नेटवर्क का पर्दाफाश

0

डेस्क : कनाडा के ओंटारियो प्रांत में सीमा पार मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश हुआ है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 1.7 टन अवैध ड्रग्स जब्त किए, जिनकी अनुमानित कीमत 13.9 करोड़ कनाडाई डॉलर बताई गई है। मामले में 19 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें भारतीय मूल के 11 लोग शामिल हैं। कनाडा बॉर्डर सर्विसेज एजेंसी (CBSA) ने 23 जुलाई को जारी बयान में इसे ओंटारियो में एक ही जांच के दौरान हुई सबसे बड़ी ड्रग बरामदगी में से एक बताया।

अधिकारियों के अनुसार, प्रोजेक्ट बे नाम से यह जांच जनवरी 2025 में शुरू की गई थी। इसका उद्देश्य कनाडा-अमेरिका सीमा के जरिए मादक पदार्थों की तस्करी और उनके वितरण पर रोक लगाना था। जांच में सामने आया कि गिरोह कमर्शियल ट्रकों के जरिए बड़ी मात्रा में कोकीन, मेथामफेटामाइन और अफीम की तस्करी कर रहा था।

CBSA के मुताबिक, गिरोह कमर्शियल ट्रांसपोर्ट सेक्टर में ब्रोकर मॉडल के तहत काम करता था। इसके जरिए स्थापित संपर्कों का इस्तेमाल कर वैध सप्लाई चेन के बीच अवैध ड्रग्स की सीमा पार आवाजाही कराई जाती थी और ऐसे ड्राइवरों की व्यवस्था की जाती थी, जिन्हें अवैध सामान ले जाने की जानकारी होती थी।

पुलिस ने ओंटारियो के विंडसर, लासाले, कोरुन्ना, ब्रैम्पटन, मार्कहम और कैलेडन समेत 22 स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान 973 किलोग्राम कोकीन, 660 किलोग्राम मेथामफेटामाइन, 49 किलोग्राम अफीम और 230 ऑक्सीकोडोन टैबलेट बरामद की गईं।

जांच के दौरान अधिकारियों ने 17 हथियार, जिनमें एक एंटी-टैंक राइफल भी शामिल है, के अलावा नकदी, महंगे आभूषण, मनी काउंटर, गिरोह के इस्तेमाल में आने वाला एक वाहन, 43 मोबाइल फोन और छह लैपटॉप भी जब्त किए।

मामले में भारतीय मूल के जिन आरोपियों के नाम सामने आए हैं, उनमें गगनदीप थिंडल, सिमरनजीत सिंह, कंवरपाल कूलर, जतिंदरपाल सिंह, जसविंदर सोही, तेजविंदर संधू, हरजविंदर संधू, तर्मिंदर सिंह, गुंदीप तारिवाल, मेहकप्रीत सिंह और करनदीप सिंह शामिल हैं।

इस अंतरराष्ट्रीय कार्रवाई में अमेरिका की कई एजेंसियों ने भी सहयोग किया। इनमें होमलैंड सिक्योरिटी इन्वेस्टिगेशंस (HSI) और ड्रग एन्फोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन (DEA) प्रमुख रूप से शामिल थीं।