गैटविक एयरपोर्ट पर पानी का संकट, टॉयलेट बंद; रेस्तरां और बार भी हुए बंद

0

लंदन : दक्षिण-पूर्वी इंग्लैंड में एक जल शोधन संयंत्र में बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण रविवार को लंदन के दक्षिण में स्थित गैटविक एयरपोर्ट पर पानी का संकट खड़ा हो गया। पानी की कमी के चलते एयरपोर्ट के दोनों टर्मिनलों में कई टॉयलेट अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए, जबकि कुछ रेस्तरां और बार भी संचालन नहीं कर सके। एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर माफी मांगी।

जल आपूर्ति कंपनी एसईएस वॉटर के अनुसार, बफ बीच वाटर ट्रीटमेंट वर्क्स में बिजली गुल होने से जल दबाव में कमी आई, जिसके कारण केंट और ससेक्स के कुछ इलाकों में अस्थायी रूप से पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई। कंपनी ने कहा कि सेवा बहाल करने के लिए काम जारी है।

एयरपोर्ट प्रबंधन ने यात्रियों के लिए बोतलबंद पानी उपलब्ध कराने की बात कही, हालांकि कुछ यात्रियों ने इस दावे पर सवाल उठाए। एयरपोर्ट पर मौजूद यात्री पॉल ली ने बीबीसी से कहा कि उन्हें पानी की आपूर्ति बंद होने की कोई जानकारी नहीं मिली और न ही उन्होंने बोतलबंद पानी बांटे जाते देखा।

पूर्व सांसद माइकल डगर ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि बार और रेस्तरां बंद होने के कारण यात्रियों को बैठने की जगह की कमी का सामना करना पड़ रहा है और कई लोग फर्श पर बैठने को मजबूर हैं। उन्होंने एयरपोर्ट प्रशासन से बंद पड़े स्थानों को यात्रियों के बैठने के लिए खोलने की अपील की।