लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में प्रदेश की जनता समाजवादी पार्टी को हमेशा के लिए सत्ता की राजनीति से बाहर कर देगी।
सीएम योगी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के एक बयान पर तंज कसते हुए कहा कि यदि समाजवादी पार्टी के परिवार के कई सदस्य सांसद हैं, तो इसका कारण यह नहीं है कि पार्टी मजबूत है, बल्कि जनता अगले चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में जनता सपा का हमेशा के लिए सफाया कर देगी।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान गरीबों का शोषण हुआ और प्रदेश में जमीनों पर कब्जे, महिलाओं की असुरक्षा तथा दंगों जैसी घटनाएं आम थीं। उन्होंने कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की पहचान ‘गुंडा प्रदेश’ के रूप में बनाई गई थी।
योगी आदित्यनाथ ने दावा किया कि 2017 के बाद प्रदेश में कानून-व्यवस्था में बड़ा बदलाव आया है। अब बेटियों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश अब दंगा और कर्फ्यू मुक्त वातावरण की ओर बढ़ रहा है, जिससे विकास की गति तेज हुई है।
मुख्यमंत्री ने अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उनके कामकाज और दिनचर्या को लेकर भी व्यंग्य किया। उन्होंने कहा कि जब नेतृत्व के पास प्रदेश के लिए पर्याप्त समय ही नहीं होगा, तो जनता की समस्याओं का समाधान कैसे होगा।
योगी ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में हुए बदलाव का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन कायाकल्प’ के तहत स्कूलों में 19 मानकों के आधार पर सुविधाएं विकसित की गई हैं।
मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश की सियासत और गरमाने के संकेत हैं। भाजपा और सपा दोनों ही आगामी चुनाव को लेकर अपनी रणनीति मजबूत करने में जुटी हैं।








