डेस्क : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक नाबालिग लड़की ने अपने ही पिता पर करीब डेढ़ साल से जबरन शारीरिक संबंध बनाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता का आरोप है कि विरोध करने पर पिता उसके साथ मारपीट करता था और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया।
पीड़िता के अनुसार, उसकी मां का वर्ष 2019 में निधन हो चुका है। उसके दो छोटे भाई हैं। आरोप है कि मां की मौत के बाद से पिता लगातार उसका यौन शोषण कर रहा था। जब भी उसने इसका विरोध किया, उसके साथ मारपीट की गई और धमकाया गया।
पीड़िता ने बताया कि उसने 17 अगस्त को अपने बड़े पिता और बड़ी मां को घटना की जानकारी दी थी। आरोप है कि जब दोनों ने आरोपी से इस बारे में पूछताछ की तो वह हंसिया और तलवार लेकर उन्हें भी धमकाते हुए वहां से खदेड़ने लगा।
शुक्रवार को आरोपी ने कथित तौर पर फिर से पीड़िता के साथ जबरदस्ती करने का प्रयास किया। इसी दौरान मामले की सूचना डायल-112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं, नाबालिग पीड़िता को महिला हेल्पलाइन के सुपुर्द किया गया है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है और पीड़िता के आरोपों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।








