26 सितंबर से लौट रहा कपिल शर्मा का शो

0

डेस्क : कपिल शर्मा का लोकप्रिय कॉमेडी शो ‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ नए सीजन के साथ वापसी के लिए तैयार है। शो के पांचवें सीजन के पहले एपिसोड के मेहमानों के नाम भी सामने आ गए हैं। पहले एपिसोड में अजय देवगन, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत नजर आएंगे। ये कलाकार फिल्म ‘दृश्यम: द कॉन्क्लूजन’ में मुख्य भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

नेटफ्लिक्स इंडिया ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा कर पहले एपिसोड के मेहमानों की जानकारी दी। पोस्ट में कपिल शर्मा के साथ अजय देवगन, श्रिया सरन और जयदीप अहलावत दिखाई दे रहे हैं। इसके साथ लिखा गया कि पहले एपिसोड में ‘दृश्यम 3’ की स्टारकास्ट की एंट्री पक्की है।

26 सितंबर से शुरू होगा नया सीजन

‘द ग्रेट इंडियन कपिल शो’ का पांचवां सीजन 26 सितंबर से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगा। पहला एपिसोड शनिवार रात आठ बजे प्रसारित किया जाएगा। इसके बाद हर शनिवार नए एपिसोड स्ट्रीम होंगे। शो में कपिल शर्मा के साथ सुनील ग्रोवर, कृष्णा अभिषेक और कीकू शारदा भी नजर आएंगे। अर्चना पूरन सिंह और नवजोत सिंह सिद्धू भी शो का हिस्सा होंगे।

‘दृश्यम: द कॉन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को होगी रिलीज

अजय देवगन की फिल्म ‘दृश्यम: द कॉन्क्लूजन’ 2 अक्टूबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन अभिषेक पाठक ने किया है। फिल्म में अजय देवगन विजय सालगांवकर की भूमिका में लौटेंगे, जबकि श्रिया सरन नंदिनी के किरदार में नजर आएंगी। तब्बू भी अपनी भूमिका में वापसी कर रही हैं। जयदीप अहलावत और प्रकाश राज फिल्म में नए किरदारों में दिखाई देंगे।

‘दृश्यम’ का पहला भाग 2015 में और दूसरा भाग 2022 में रिलीज हुआ था। तीसरे भाग को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही काफी उत्सुकता है। अब फिल्म की पूरी स्टारकास्ट कपिल शर्मा के शो में पहुंचकर फिल्म से जुड़ी बातें और किस्से साझा करती नजर आएगी।