‘बंटवारा 1947’ की स्टारकास्ट की फीस का खुलासा, सनी देओल सबसे आगे

0

डेस्क :  सनी देओल और प्रीति जिंटा स्टारर फिल्म ‘बंटवारा 1947’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। राजकुमार संतोषी के निर्देशन में बनी यह फिल्म 14 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म में सनी और प्रीति के अलावा शबाना आजमी, अली फजल और करण देओल भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी और स्टारकास्ट के साथ अब कलाकारों की फीस को लेकर भी चर्चाएं तेज हैं।

सनी देओल को मिले 60 करोड़!

रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के लिए सबसे ज्यादा फीस सनी देओल को मिली है। बताया जा रहा है कि अभिनेता ने ‘बंटवारा 1947’ के लिए करीब 60 करोड़ रुपये चार्ज किए हैं। ‘गदर 2’ की सफलता के बाद सनी देओल की फीस में लगातार इजाफा देखने को मिला है और अब उनकी गिनती बॉलीवुड के सबसे ज्यादा फीस लेने वाले सितारों में की जा रही है।

प्रीति जिंटा की फीस 10 करोड़

फिल्म के जरिए लंबे समय बाद बड़े पर्दे पर वापसी कर रहीं प्रीति जिंटा को लेकर रिपोर्ट्स में कहा गया है कि उन्होंने इस फिल्म के लिए करीब 10 करोड़ रुपये फीस ली है। सनी देओल के साथ उनकी जोड़ी को लेकर भी दर्शकों में खास उत्सुकता है। दोनों इससे पहले कई फिल्मों में साथ नजर आ चुके हैं।

अली फजल को 7 करोड़, शबाना की फीस स्पष्ट नहीं

फिल्म में अहम भूमिका निभा रहे अली फजल की फीस करीब 7 करोड़ रुपये बताई जा रही है। वहीं दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी की फीस को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। हालांकि, रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उन्हें करीब 7 से 10 करोड़ रुपये के बीच फीस मिलने की चर्चा है।

करीब 150 करोड़ रुपये का बजट

रिपोर्ट के अनुसार, ‘बंटवारा 1947’ को बनाने में करीब 150 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं। फिल्म का निर्देशन राजकुमार संतोषी ने किया है और यह भारत-पाकिस्तान विभाजन की पृष्ठभूमि पर आधारित है। फिल्म इंसानियत, रिश्तों और बंटवारे के दौरान पैदा हुए तनाव की कहानी को सामने लाती है।

फिल्म को उर्दू नाटक ‘जिस लाहौर नई वेख्या ओ जमी नई’ से प्रेरित बताया गया है। सनी देओल और राजकुमार संतोषी की जोड़ी लंबे समय बाद एक साथ आई है। अब देखना होगा कि 14 अगस्त को रिलीज होने वाली यह फिल्म दर्शकों और बॉक्स ऑफिस पर कितना असर छोड़ती है।

नोट:लाकारों की फीस से जुड़े आंकड़े विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित हैं। निर्माताओं या कलाकारों की ओर से इन आंकड़ों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।