नई दिल्ली : मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर बुधवार को दिल्ली में कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। इस दौरान दिल्ली पुलिस के एक कॉन्स्टेबल के साथ मारपीट किए जाने का आरोप सामने आया है। कॉन्स्टेबल अंकित कसाना का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने प्रदर्शनकारियों पर हमला करने का आरोप लगाया है।
कॉन्स्टेबल ने लगाए गंभीर आरोप
कॉन्स्टेबल अंकित कसाना ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान उनके साथ मारपीट की गई और उनके हाथ में किसी ने दांत से काट लिया, जिससे गहरा घाव हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनके शरीर पर नाखून से चोट पहुंचाई गई और उनकी वर्दी फाड़ दी गई। वायरल वीडियो में कसाना भावुक होकर अपनी चोटों और घटना के बारे में बताते नजर आ रहे हैं।
कसाना ने कहा कि पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ड्यूटी करते हैं। उन्होंने भावुक होते हुए सवाल किया कि यदि पुलिसकर्मियों के साथ इस तरह की घटनाएं होती रहेंगी तो कौन अपने बच्चों को पुलिस की नौकरी में भेजना चाहेगा।
30-40 लोगों की भीड़ ने घेरा
कसाना के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया था। उन्हें आगे ले जाने के दौरान प्रदर्शनकारियों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 30 से 40 लोगों ने उन्हें पीछे खींचने की कोशिश की और इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई। कॉन्स्टेबल ने दावा किया कि हमले के दौरान उन्हें दांत और नाखून से चोटें आईं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि भीड़ ने उनकी पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से घायल करने की कोशिश की।
राहुल गांधी की सुरक्षा का भी दिया हवाला
कसाना ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान पुलिस की टीम कांग्रेस नेता राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर भी चिंतित थी। पुलिस उन्हें प्रदर्शनकारियों की भीड़ से निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाना चाहती थी। इसी दौरान पुलिस द्वारा कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर आगे ले जाने की कार्रवाई की जा रही थी। कसाना का आरोप है कि इसी बीच भीड़ ने उन्हें घेर लिया और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी।
कॉन्स्टेबल के अनुसार, इस घटना में उनकी गर्दन, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों में भी चोटें आई हैं। मामले से जुड़े वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद घटना को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।








