स्पोर्ट्स डेस्क : रणजी ट्रॉफी के आगामी सत्र के पहले दो मुकाबलों के लिए बिहार क्रिकेट टीम की घोषणा कर दी गई है। 17 सदस्यीय टीम की कमान साकिबुल गनी को सौंपी गई है, जबकि हिमांशु सिंह उपकप्तान होंगे। टीम में युवा प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को जगह नहीं मिली है।
वैभव सूर्यवंशी के टीम से बाहर रहने की वजह उनका प्रदर्शन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय टीम के साथ व्यस्तता है। वह भारतीय टी-20 टीम के साथ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में व्यस्त हैं। इसी कारण रणजी ट्रॉफी के शुरुआती मुकाबलों के लिए वह बिहार को उपलब्ध नहीं रहेंगे। राष्ट्रीय टीम की प्रतिबद्धताओं के चलते उनके शुरुआती कुछ रणजी मैचों से बाहर रहने की संभावना है।
बिहार अपने रणजी अभियान की शुरुआत 11 अक्टूबर से उत्तर प्रदेश के खिलाफ करेगा। यह मुकाबला राजगीर के नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके बाद 18 अक्टूबर से टीम का सामना बड़ौदा से होगा। बिहार अपने घरेलू मुकाबले राजगीर में खेलेगा।
बिहार की 17 सदस्यीय टीम:
साकिबुल गनी (कप्तान), आयुष लोहारुका, मंगल महरौर, नमन गौरव, पीयूष सिंह, बिपिन कुमार सौरभ (विकेटकीपर), सरमन निग्रोध (विकेटकीपर), आकाश राज, पृथ्वी राज, हिमांशु सिंह (उपकप्तान), खालिद आलम, सूरज कुमार कश्यप, शाकिब हुसैन, एमडी इजहार, शब्बीर खान, राघवेंद्र सिंह और अमोद यादव।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: नवाज खान, मलय राय, दानिश आलम, तनु कुमार सिंह, सचिन कुमार सिंह और प्रशांत कुमार सिंह।
टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी पूर्व रणजी कप्तान आशुतोष अमन को दी गई है, जबकि अशोक कुमार सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। वैभव की गैरमौजूदगी में बिहार की टीम को अपने शीर्ष क्रम में उनकी कमी की भरपाई करने की चुनौती होगी।








