मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर सुरक्षा बढ़ाई गई, सुरक्षा एजेंसियां सतर्क

0

डेस्क : मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर विपक्षी INDIA गठबंधन के लगातार विरोध प्रदर्शनों के बीच सुरक्षा एजेंसियों से मिले इनपुट के बाद यह कदम उठाया गया है। ज्ञानेश कुमार को पहले से ही जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त है।

सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त के दिल्ली स्थित आवास और निर्वाचन आयोग के मुख्यालय के आसपास अतिरिक्त सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। उनकी व्यक्तिगत सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई है। सुरक्षा एजेंसियां उनकी आवाजाही और संवेदनशील स्थानों पर विशेष नजर रख रही हैं।

यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब विपक्षी दल मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और SIR प्रक्रिया को लेकर लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस समेत INDIA गठबंधन के नेताओं ने बुधवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी थी। कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में लिया गया था।

सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त की सुरक्षा को लेकर किसी तरह का जोखिम नहीं लिया जा रहा है। निर्वाचन आयोग के कार्यालय तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

विपक्षी दलों का आरोप है कि SIR के जरिए मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर बदलाव किया जा रहा है, जबकि चुनाव आयोग लगातार इस प्रक्रिया को नियमों के तहत संचालित किए जाने की बात कह रहा है। इसी मुद्दे को लेकर राजनीतिक टकराव के बीच CEC की सुरक्षा बढ़ाए जाने को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।