डेस्क : अमेरिका में भारतीय मूल के सांसद राजा कृष्णमूर्ति के इलिनॉय स्थित जिला कार्यालय में संदिग्ध पैकेट मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शिकागो के निकट शॉम्बर्ग स्थित कार्यालय में मिले इस पैकेट में अज्ञात पदार्थ होने की आशंका जताई गई। घटना के बाद स्थानीय आपातकालीन सेवाओं और संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पैकेट को सुरक्षित तरीके से हटाया।
सांसद राजा कृष्णमूर्ति ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच एक्स पर इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि उनके जिला कार्यालय को देशभर के कई कांग्रेस कार्यालयों में भेजे गए संदिग्ध डाक की तरह एक पैकेट प्राप्त हुआ था। उन्होंने शॉम्बर्ग अग्निशमन विभाग, डाक निरीक्षक, कैपिटल पुलिस और संघीय कानून प्रवर्तन एजेंसियों की त्वरित कार्रवाई के लिए आभार जताया।
कई सांसदों और चुनाव कार्यालयों को मिले संदिग्ध पत्र
यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिका में कांग्रेस सदस्यों और राज्य चुनाव अधिकारियों के कार्यालयों को संदिग्ध पत्र एवं पैकेट भेजे जाने के मामलों की संघीय स्तर पर जांच चल रही है। कुछ पत्रों में अज्ञात पदार्थ पाए जाने की जानकारी भी सामने आई है। इन घटनाओं को लेकर अधिकारियों ने संबंधित कार्यालयों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
जांच में एफबीआई, अमेरिकी डाक निरीक्षण सेवा और कैपिटल पुलिस सहित विभिन्न एजेंसियां शामिल हैं। अधिकारियों का प्रयास है कि संदिग्ध डाक भेजने वाले व्यक्ति या व्यक्तियों की पहचान की जा सके और संभावित खतरों को समय रहते रोका जा सके।
मध्यावधि चुनाव से पहले बढ़ी चिंता
अमेरिका में 3 नवंबर 2026 को होने वाले मध्यावधि चुनाव से कुछ सप्ताह पहले इस तरह की घटनाओं ने जनप्रतिनिधियों और चुनाव अधिकारियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। विभिन्न राज्यों में भी चुनाव कार्यालयों और सांसदों के कार्यालयों तक संदिग्ध पत्र पहुंचने की खबरें सामने आई हैं।
सुरक्षा एजेंसियां इन घटनाओं की कड़ियों की जांच कर रही हैं। फिलहाल राजा कृष्णमूर्ति के कार्यालय में मिले पैकेट में मौजूद पदार्थ की प्रकृति और इस घटना के पीछे के मकसद को लेकर जांच जारी है।









