डेस्क : अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि आजम खान के साथ मुकदमों की जो साजिश की जा रही है, उसे पूरा देश और दुनिया देख रही है। उन्होंने कहा कि किसी उम्रदराज व्यक्ति को बार-बार मुकदमों में फंसाकर जेल भेजना निंदनीय है।
अखिलेश ने आगे लिखा कि सत्ता जिस गलत रवायत को बढ़ावा दे रही है, समय बदलने पर उसे भी इसका सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब नाइंसाफी हद से गुजर जाती है तो वह जुल्म करने वालों के लिए ही कहर बन जाती है।
जेल से बाहर आते ही ईडी ने आजम खान को लिया हिरासत में
दरअसल, इलाहाबाद हाईकोर्ट से दो पैन कार्ड मामले में जमानत मिलने के बाद आजम खान शनिवार शाम रामपुर जिला जेल से बाहर आए थे। उनके बेटे अब्दुल्ला आजम भी जेल से रिहा हुए, लेकिन जेल के बाहर मौजूद प्रवर्तन निदेशालय (ED) की टीम ने आजम खान को हिरासत में ले लिया।
ईडी की यह कार्रवाई मोहम्मद अली जौहर विश्वविद्यालय से जुड़े कथित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में की गई है। एजेंसी इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं की जांच कर रही है।
आजम खान बोले- मुसलमान होने की सजा मिल रही है
गिरफ्तारी के दौरान आजम खान ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उन्हें मुसलमान होने की सजा मिल रही है। उन्होंने कहा कि एक मुसलमान ने विश्वविद्यालय और बच्चों के लिए स्कूल बनाए, यही उनका गुनाह है।
आजम खान की गिरफ्तारी के बाद समाजवादी पार्टी ने इसे लेकर सरकार पर सवाल उठाए हैं। इस घटनाक्रम ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर हलचल बढ़ा दी है।









