जैसलमेर में दर्दनाक घटना, मां और किशोर बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0

डेस्क : राजस्थान के जैसलमेर में एक महिला और उसके 16 वर्षीय बेटे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शनिवार दोपहर दोनों के शव घर के अलग-अलग कमरों में मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान 38 वर्षीय सोनू कंवर और उसके बेटे दक्षवर्धन के रूप में हुई है। दोनों जैसलमेर की लक्ष्मीचंद सांवल कॉलोनी स्थित मकान में रहते थे। शनिवार सुबह पड़ोस में रहने वाली एक महिला ने दूध के संबंध में सोनू कंवर को फोन किया था। फोन उनके बेटे ने उठाया और कहा कि आज दूध नहीं लेना है, वे गांव जाएंगे।

बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह करीब पांच बजे दक्षवर्धन ने अपने चाचा दौलत सिंह को भी फोन किया था, लेकिन उस समय उनका फोन नहीं उठ पाया। दोपहर तक जब सोनू कंवर से संपर्क नहीं हो सका तो परिजनों को चिंता हुई। इसके बाद दौलत सिंह उनके घर पहुंचे। दरवाजा नहीं खुलने पर पड़ोसियों की मदद से खिड़की के रास्ते घर में प्रवेश किया गया। अंदर मां और बेटे के शव अलग-अलग कमरों में मिले।

तीन साल पहले पिता की सड़क हादसे में हुई थी मौत

परिजनों के अनुसार, दक्षवर्धन नौवीं कक्षा में पढ़ता था। करीब तीन साल पहले उसके पिता भंवर सिंह की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी। वह एक विंडमिल कंपनी में इंजीनियर थे। पति की मृत्यु के बाद सोनू कंवर अपने बेटे के साथ रह रही थीं। परिवार का खर्च मुख्य रूप से पति की पेंशन से चल रहा था।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम को बुलाया। थाना अधिकारी प्रेमाराम विश्नोई के अनुसार, फिलहाल मां और बेटे की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी।