पेपर लीक मुद्दे पर राहुल गांधी का केंद्र पर प्रहार, बोले- दोषियों पर कार्रवाई नहीं

0

डेस्क : लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने उत्तराखंड के देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान केंद्र और राज्य सरकारों पर परीक्षा प्रणाली को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 10 वर्षों में देशभर में 152 पेपर लीक की घटनाएं सामने आईं, जिससे करीब 7.5 करोड़ छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ, लेकिन एक भी दोषी को सजा नहीं मिली।

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक अब अपवाद नहीं, बल्कि व्यवस्था का हिस्सा बन चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार व्याप्त है और मेहनत करने वाले छात्रों के साथ लगातार अन्याय हो रहा है। उनके अनुसार, परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित किए बिना युवाओं के भविष्य को सुरक्षित नहीं किया जा सकता।

अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने दावा किया कि विभिन्न भर्ती और प्रवेश परीक्षाओं के प्रश्नपत्रों के लीक होने का एक संगठित नेटवर्क काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल परीक्षा का पेपर लीक नहीं, बल्कि करोड़ों युवाओं के सपनों और भविष्य की चोरी है।

कांग्रेस नेता ने शिक्षा संस्थानों की स्वायत्तता पर भी जोर देते हुए कहा कि विश्वविद्यालयों और परीक्षा आयोजित करने वाली संस्थाओं को राजनीतिक हस्तक्षेप से मुक्त रखा जाना चाहिए। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से इस मुद्दे पर सहमति बनाकर कठोर कदम उठाने की अपील की।

राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई, दोषियों को कड़ी सजा, सुरक्षित परीक्षा प्रणाली और समयबद्ध भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य किसी भी कीमत पर दांव पर नहीं लगाया जा सकता।