गर्भवती हुई बेटी तो पिता ने उठाया खौफनाक कदम, चंबल में डुबोकर हत्या का आरोप

0

डेस्क : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में ऑनर किलिंग का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि एक पिता ने अपनी 18 वर्षीय बेटी को गर्भवती होने की जानकारी मिलने के बाद दिल्ली से आगरा लाकर चंबल नदी में डुबो दिया। पुलिस के अनुसार, घटना के दौरान वीडियो बनाए जाने की बात भी सामने आई है। मामले की जांच दिल्ली पुलिस कर रही है और युवती के शव की तलाश जारी है।

दवा दिलाने के बहाने आगरा लाने का आरोप

पुलिस के अनुसार, बासौनी क्षेत्र के लखनपुरा निवासी लखपत सिंह दिल्ली के तिगड़ी इलाके में परिवार के साथ रहता है। आरोप है कि 29 जुलाई की सुबह वह अपनी बेटी को दवा दिलाने के बहाने आगरा के बासौनी क्षेत्र में लेकर आया था। इसके बाद चंबल नदी में उसे डुबोकर हत्या करने का आरोप है।

घटना के बाद आरोपी दिल्ली लौट गया और दक्षिणी दिल्ली के तिगड़ी थाने में बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस का शक पिता पर गहराया और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

प्रेम संबंध और गर्भवती होने की बात आई सामने

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवती का एक युवक के साथ प्रेम संबंध था और वह गर्भवती थी। ग्रामीणों के अनुसार, परिवार को इसकी जानकारी मिलने के बाद विवाद बढ़ गया था। पुलिस इस पहलू को भी जांच में शामिल कर रही है।

पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान पिता द्वारा अपने मोबाइल से फोटो और वीडियो बनाए जाने की बात सामने आई है। हालांकि, इस संबंध में जांच जारी है और पुलिस सभी तथ्यों की पुष्टि कर रही है।

चंबल में गोताखोरों ने शुरू किया तलाश अभियान

दिल्ली पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर मंगलवार को आगरा पहुंची। बासौनी पुलिस की मदद से चंबल नदी और आसपास के क्षेत्र में तलाशी अभियान चलाया गया। युवती के शव की तलाश के लिए पीएसी के गोताखोरों को भी लगाया गया है।

पूर्वी आगरा के डीसीपी अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि दिल्ली पुलिस आरोपी को कस्टडी रिमांड पर लेकर आई है और शव की तलाश में स्थानीय पुलिस हर संभव मदद कर रही है। दक्षिण दिल्ली के डीसीपी अनंत मित्तल ने भी शव की तलाश किए जाने की पुष्टि की है।

पुलिस के अनुसार, चंबल नदी में इस समय पानी का बहाव अधिक होने के कारण शव की तलाश चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। मामले में हत्या के कारणों और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच जारी है।