स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय महिला हॉकी टीम ने एफआईएच महिला हॉकी विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए दक्षिण अफ्रीका को 6-1 से करारी शिकस्त दी। टूर्नामेंट में भारत की यह पहली जीत है। इस दमदार जीत के साथ भारतीय टीम पूल डी में शीर्ष पर पहुंच गई है।
भारत ने मुकाबले की शुरुआत से ही आक्रामक तेवर दिखाए और लगातार दक्षिण अफ्रीका के गोलपोस्ट पर दबाव बनाए रखा। सुनिलिता टोप्पो ने 11वें मिनट में भारत का खाता खोला। इसके बाद नवनीत कौर ने 18वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी। 25वें मिनट में सुशीला चानू ने तीसरा गोल दागकर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।
दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने अपने आक्रामक खेल को और तेज कर दिया। दीपिका ने 38वें मिनट में शानदार गोल किया। इसके बाद लालरेमसियामी ने 44वें मिनट में गोल कर स्कोर 5-0 कर दिया। अगले ही मिनट साक्षी राणा ने गोल दागते हुए भारत की बढ़त 6-0 कर दी।
दक्षिण अफ्रीका की टीम को 55वें मिनट में कायला डी वाल ने एकमात्र गोल दिलाया, लेकिन तब तक भारतीय टीम मैच पर पूरी तरह कब्जा जमा चुकी थी। अंततः भारत ने मुकाबला 6-1 से अपने नाम किया।
भारत की ओर से छह अलग-अलग खिलाड़ियों ने गोल किए, जो टीम के संतुलित और आक्रामक प्रदर्शन को दर्शाता है। चीन के खिलाफ अपने पहले मुकाबले में 2-2 से ड्रॉ खेलने के बाद भारतीय टीम ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।
इस जीत के बाद भारत और चीन के दो-दो मैचों में चार अंक हैं, लेकिन बेहतर गोल अंतर के कारण भारत पूल डी में शीर्ष पर है। भारतीय टीम अब 20 अगस्त को इंग्लैंड के खिलाफ मैदान में उतरेगी।








